देश

पीएम मोदी को मिले 1300 से अधिक उपहारों की होगी नीलामी, 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक लगा सकते हैं बोली

प्रधानमंत्री को प्राप्त तोहफों की नीलामी में इस बार कई अनोखे उपहार शामिल किए गए हैं। उपलब्ध सूची के अनुसार, सबसे महंगा तोहफा एक मूर्ति है जिसकी कीमत 10,39,500 रुपये तय की गई है।

Image

पीएम मोदी को मिले गिफ्ट की होगी ई-निलामी (फोटो- Indian Govt)

संस्कृति मंत्रालय द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले उपहारों की सातवीं ई-नीलामी का ऐलान किया गया है। यह ई-नीलामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगी और लोग www.pmmementos.gov.in पर जाकर इन सांस्कृतिक धरोहरों पर बोली लगा सकते हैं।

1300 से अधिक गिफ्ट

इस विशेष नीलामी में 1300 से अधिक उपहार शामिल हैं, जिनमें पेंटिंग, मूर्तियां, भगवानों की प्रतिमाएं, पारंपरिक शॉल, जनजातीय कला, और खेल जगत से जुड़े कई यादगार उपहार शामिल हैं।

प्रमुख आकर्षण:

  • कश्मीर का खूबसूरत पश्मीना शॉल
  • राम दरबार की पारंपरिक थंजावुर पेंटिंग
  • नटराज की भव्य धातु प्रतिमा
  • गुजरात की मशहूर रोगन कला में "ट्री ऑफ लाइफ"
  • नगालैंड की हाथ से बुनी शॉल
  • पेरिस पैरालंपिक 2024 के भारतीय खिलाड़ियों से मिली खेल सामग्री

नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट में होंगे प्रदर्शित

ये सभी उपहार नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA), नई दिल्ली में प्रदर्शित किए गए हैं, जहां लोग इन्हें देखने के बाद ऑनलाइन बोली में हिस्सा ले सकते हैं। पिछले कई सालों से यह प्रदर्शनी लगाई जा रही है जहां पर लाखों रुपए के उपहार एक्शन में बिकते हैं और उसे आने वाले पैसे गंगा नदी की सफाई और संरक्षण के लिए एकत्र किए जाते हैं अब तक करीब 50 करोड़ से भी ज्यादा की राशि एकत्र की जा चुकी है। यह नीलामी न सिर्फ एक सांस्कृतिक उत्सव है बल्कि यह आम नागरिकों के लिए एक ऐतिहासिक धरोहर को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का अवसर भी है – और साथ ही मां गंगा की सेवा में योगदान देने का भी।

नीलामी में सबसे महंगा और सबसे सस्ता तोहफा

प्रधानमंत्री को प्राप्त तोहफों की नीलामी में इस बार कई अनोखे उपहार शामिल किए गए हैं। उपलब्ध सूची के अनुसार, सबसे महंगा तोहफा एक मूर्ति है जिसकी कीमत 10,39,500 रुपये तय की गई है। यह एक भव्य और सांस्कृतिक महत्व की वस्तु मानी जा रही है।वहीं, सबसे सस्ता तोहफा एक कपड़ा है जिसकी कीमत 600 रुपये है। यह धार्मिक महत्व वाला एक छोटा कपड़ा है जो श्रद्धा का प्रतीक माना जा सकता है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article