देश

सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 हाथियों की मौत, असम के होजाई जिले में बड़ा हादसा

Assam Hojai Elephant Accident: असम के होजाई जिले में शुक्रवार देर रात हाथियों का एक झुंड सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया जिससे आठ हाथियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। वन विभाग के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। रेल यातायात की बहाली का काम जारी है।

Image

असम के होजाई जिले में आठ हाथियों की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

Sairang-New Delhi Rajdhani Express Accident: असम के होजाई जिले में शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा हुआ है। वन अधिकारी के मुताबिक, होजाई जिले की सीमा में सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से 8 हाथियों की मौत हो गई है। एक हाथी घायल बताया जा रहा है।

वहीं, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि इस हादसे में सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस के पांच डिब्बे और इंजन पटरी से उतरे। हालांकि, यात्रियों को कोई चोट नहीं आई है। यह टक्कर सुबह करीब 2.17 बजे जमुनामुख-कांपुर रेलवे सेक्शन पर चांगजुराई इलाके में हुई, यह रास्ता जंगली जानवरों के क्रॉसिंग के लिए जाना जाता है। टक्कर की वजह से ट्रेन के पांच डिब्बे और इंजन भी पटरी से उतर गए।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, कपिनजल किशोर शर्मा ने बताया, 'देर रात लगभग 02.17 बजे, एन.एफ. रेलवे के लुमडिंग डिवीजन के तहत जमुनामुख - कामपुर सेक्शन में, ट्रेन नंबर 20507 DN सैरांग - नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस हाथियों से टकरा गई, जिससे लोकोमोटिव और ट्रेन के पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। किसी भी यात्री की मौत या चोट नहीं लगी है। डिविजनल हेडक्वार्टर के अधिकारियों के साथ एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेनें पहले ही मौके पर पहुंच चुकी हैं।'

रेल यातायात की बहाली का काम जारी

नगांव के संभागीय वन अधिकारी सुहाश कदम ने 'पीटीआई' को बताया कि यह घटना होजाई जिले के चांगजुराई क्षेत्र में हुई। कदम और वन विभाग के अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रभावित जमुनामुख-कामपुर खंड से गुजरने वाली ट्रेनों को अप लाइन से गुजारा जा रहा है और रेल यातायात की बहाली का काम जारी है। सैरांग-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस मिजोरम के सायरंग (आइजोल के पास) को आनंद विहार टर्मिनल (दिल्ली) से जोड़ती है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article