Guwahati Wife Murder Case: असम की राजधानी गुवाहाटी के हाटीगांव/बेलटोला इलाके से एक सनसनीखेज और रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक कैब ड्राइवर ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसके शव के टुकड़े कर दिए और कटा हुआ सिर प्लास्टिक की थैली में लपेटकर फ्रिज के अंदर छिपा दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति रामानुज गोस्वामी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान आरोपी का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह बेखौफ होकर कह रहा है कि उसे अपनी पत्नी को मारने का 'न तो कोई पछतावा है और न ही वह कोई माफी चाहता है।'
दो दिन से बंद था फोन, पुलिस पहुंची तो उड़ा होश
घटना का खुलासा तब हुआ जब दंपति के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि पिछले दो दिनों से दोनों में से किसी का फोन नहीं लग रहा है।
क्रूरता का मंजर: हाटीगांव थाने की पुलिस टीम जब उनके फ्लैट पर पहुंची, तो दरवाजा खुला था। फर्श पर खून से लथपथ रिया तालुकदार (24) का धड़ पड़ा हुआ था और उसकी कुछ उंगलियां भी कटी हुई थीं।
फ्रिज से मिला सिर: तलाशी लेने पर पुलिस को फ्रिज के अंदर काले रंग के प्लास्टिक बैग में लिपटा हुआ रिया का कटा हुआ सिर बरामद हुआ।
हत्या का हथियार जब्त: पुलिस ने मौके से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार (दाव/दाव कटारी) बरामद कर लिया है।
अवैध संबंध का शक और 'शुगर डैडी' को धमकी
आरोपी रामानुज गोस्वामी, जो पेशे से उबर (Uber) ड्राइवर है, उसने पुलिस पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपनी पत्नी के कथित अवैध संबंधों के शक में इस वारदात को अंजाम दिया। दोनों के विवाह को एक साल भी नहीं हुआ था और वे हाटीगांव में रह रहे थे।
वायरल वीडियो में धमकी: पुलिस कस्टडी में जाते समय मीडिया के सामने आरोपी ने खुलेआम धमकी दी, 'हां, मैंने उसकी हत्या की है। अगर मैं कभी जेल से बाहर आया, तो उसके 'शुगर डैडी' को भी काटकर मार डालूंगा।'
नशे और बीमारी की पुष्टि: जांच अधिकारियों (DCP ईस्ट तबू राम पेगू) के अनुसार, आरोपी नशे की लत से ग्रस्त रहा है और 20 से अधिक बार पुनर्वास केंद्र (Rehab Centre) में भर्ती हो चुका है। मेडिकल जांच में उसके एचआईवी (HIV) और हेपेटाइटिस-सी से पीड़ित होने की भी पुष्टि हुई है।
पुलिस ने बताया कि गोस्वामी धुबरी जिले का जबकि तालुकदार गुवाहाटी की निवासी थी। उनकी शादी को एक साल भी नहीं हुआ था। दोनों गोस्वामी के परिवार के स्वामित्व वाली जमीन पर बने एक फ्लैट में रहते थे।
