देश

असम में भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव का दावा, गौरव गोगोई ने हिमंता सरकार और पुलिस पर उठाए सवाल

असम में कांग्रेस के चुनावी दौरे के दौरान पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर कथित पथराव का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने वीडियो शेयर कर दावा किया कि काफिले पर पत्थर फेंके गए। उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम पुलिस पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की।

Image

भूपेश बघेल के काफिले पर पथराव का गौरव गोगोई ने किया दावा।

असम में कांग्रेस के चुनावी दौरे के दौरान पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले पर कथित हमले का मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर करते हुए दावा किया कि उनके काफिले पर पत्थरबाजी की गई। उनके साथ कांग्रेस सचिव मनोज चौहान, कांग्रेस उम्मीदवार सिवामोनी बोरा और पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे। गौरव गोगोई ने वीडियो साझा करते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और असम पुलिस पर सवाल उठाए हैं।

‘ये हमारे काफिले पर हमले का साफ वीडियो’

गौरव गोगोई ने अपने पोस्ट में लिखा कि यह उनके काफिले पर हुए हमले का स्पष्ट वीडियो है। उन्होंने बताया कि काफिले में पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा कांग्रेस सचिव मनोज चौहान, कांग्रेस उम्मीदवार सिवामोनी बोरा, राज्य के नेता और वह खुद मौजूद थे।

उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री असम से बाहर गुजरात, दिल्ली और महाराष्ट्र में पुलिस भेज सकते हैं, लेकिन अब असम में ही पत्थर फेंकने वालों को खोजने में असमर्थ हो जाएंगे।

चुनाव आयोग की कार्रवाई पर भी सवाल

गौरव गोगोई ने अपने पोस्ट में चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग इस मामले में किसी अधिकारी के तबादले या निलंबन का आदेश नहीं देगा। उन्होंने असम के डीजीपी से भी मामले में कार्रवाई की मांग की है।

असम दौरे पर हैं भूपेश बघेल

भूपेश बघेल 21 सितंबर को असम दौरे पर हैं। असम कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के तौर पर यह उनका पहला दौरा है। इस दौरान वह पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। हालांकि, काफिले पर कथित पथराव को लेकर पुलिस या प्रशासन की ओर से इस समय तक विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इसलिए घटना से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि का इंतजार है।
Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article