दिल्ली नगर निगम के नतीजों का औपचारिक ऐलान बुधवार यानी सात दिसंबर को होगा वहीं गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा के नतीजों का ऐलान गुरुवार यानी 8 दिसंबर को होगा। लेकिन उससे पहले यानी पांच दिसंबर को एग्जिट पोल के नतीजे सामने आए। अगर एग्जिट पोल के नतीजे अंतिम नतीजों में तब्दील होते हैं तो दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी ने बीजेपी को बाहर का रास्ता दिखा देगी। वहीं गुजरात में पार्टी दहाई के आंकड़ों में पहुंच सकती है।
'दिल्ली की जनता का धन्यवाद'
एग्जिट पोल के नतीजों पर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी राय रखते हुए कहा कि वो दिल्ली की जनता को बधाई देते हैं। वो सोमवार को एग्जिट पोल देख रहे थे। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी में भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि अंतिम नतीजे एग्जिट पोल की तरह होंगे। दिल्ली की जनता ने बता दिया है कि वो सिर्फ वादों की राजनीति पर भरोसा नहीं करती है। जमीन पर क्या कुछ हो रहा है उससे वास्ता है। आम आदमी पार्टी ने जिस तरह से अपने वादों को जमीन पर उतारा है उस पर जनता ने मुहर लगाई है जिस तरह से दिल्ली सरकार पारदर्शी तरीके से काम कर रही है ठीक वैसे ही दिल्ली नगर निगम को भी पारदर्शी बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने गुजरात चुनाव के एग्जिट पोल पर भी राय रखी।
'गुजरात में दस्तक'
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर गुजरात में पार्टी पहली बार में दहाई के अंक में पहुंचती है तो तस्वीर साफ है कि एक नया दल दस्तक दे चुका है। वो कहा करते थे कि गुजरात बीजेपी का गढ़ है। यदि कोई दल पहली दफा 15 से 20 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने में कामयाब रहती है तो वह बड़ी बात है। बता दें कि गुजरात के एग्जिट पोल में आम आदमी पार्टी सरकार बनाती हुई नहीं नजर आ रही है। लेकिन कांग्रेस और आप के बीच फासला कम हुआ है। बता दें कि गुजरात के लिए किए एग्जिट पोल में बीजेपी प्रचंड जीत दर्ज करने जा रही है। 2017 के चुनाव में जहां कांग्रेस ने बीजेपी को 99 के आंकड़े पर सिमटा दिया था वो खुद 50 के आंकड़े के नीचे जाती हुई नजर आ रही है।
