देश

2027 चुनाव से पहले यूपी में 'राम कथा' की लहर; विवाद दरकिनार कर जुट रही भारी भीड़, 20 दिन में बाबा बागेश्वर के कई कार्यक्रम

धार्मिक आयोजनों की इस बढ़ती रफ्तार के बीच भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणियों ने विवाद को जन्म दे दिया था। इन बयानों पर यादव समुदाय के कुछ वर्गों के साथ-साथ विपक्षी दलों की ओर से तीखी आपत्तियां सामने आईं।

Image

बाबा बागेश्वर धाम की यूपी में धूम

Photo : PTI

Bageshwar Baba Programmes : उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियों के बीच धार्मिक आयोजनों का दौर तेजी से बढ़ता दिख रहा है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भागवत कथा, राम कथा और धार्मिक प्रवचनों के आयोजनों में भारी भीड़ उमड़ रही है, जिनके साथ राजनीतिक चेहरों की मौजूदगी भी सुर्खियां बटोर रही है। इसी कड़ी में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के करीब 20 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश में पांच कार्यक्रम प्रस्तावित या आयोजित किए गए हैं।

विभिन्न जिलों में फैलता कार्यक्रमों का दायरा

ताजा घटनाक्रम में बाबा बागेश्वर से जुड़े इन आयोजनों की सूची में कुंडा, गोंडा, लखनऊ और आगरा जैसे क्षेत्रों के नाम शामिल हैं, जबकि आंबेडकर नगर भी कार्यक्रमों की रूपरेखा में जुड़ा है। प्रतापगढ़ के कुंडा में विधायक रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भैया' के आतिथ्य में हुए आयोजन ने भी खासा ध्यान खींचा। इस दौरान कलश यात्रा, सामूहिक हवन और धार्मिक प्रवचनों के साथ-साथ जोधपुर के शिविरों से बुलाए गए पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी परिवारों की भागीदारी जैसे पहलू भी चर्चा में रहे।

भगवान राम और कृष्ण पर टिप्पणियों से भड़का विवाद

धार्मिक आयोजनों की इस बढ़ती रफ्तार के बीच भगवान राम और भगवान कृष्ण को लेकर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथित टिप्पणियों ने विवाद को जन्म दे दिया था। इन बयानों पर यादव समुदाय के कुछ वर्गों के साथ-साथ विपक्षी दलों की ओर से तीखी आपत्तियां सामने आईं। खास तौर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शास्त्री के कार्यक्रमों को रद्द करने की मांग उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणियों से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि उन्होंने यदुवंशियों और रघुवंशियों दोनों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, और साथ ही देशभर में उनके कार्यक्रमों पर रोक लगाने की मांग भी की।

बाबा बागेश्वर और भाजपा का पलटवार

विवादों और विरोध के बीच धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने धार्मिक कार्यक्रम जारी रखते हुए संवैधानिक अधिकारों का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को अपने धर्म का प्रचार करने का अधिकार देता है और उन्होंने अपने कार्यक्रम रोकने की मांग पर सवाल उठाया। साथ ही, उन्होंने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि को लेकर अयोध्या की तरह भव्य मंदिर निर्माण और कारसेवा से जुड़ी बातें भी मंच से रखीं।

बीजेपी का सपा के रुख पर पलटवार

दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने सपा के रुख पर पलटवार किया। उत्तर प्रदेश के मंत्री मनोज पांडे ने कहा कि धर्म के मामले में समाजवादी पार्टी से किसी तरह की अपेक्षा नहीं की जा सकती। हालांकि औपचारिक रूप से भाजपा द्वारा इन आयोजनों के संचालन का कोई दावा नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर पार्टी समर्थकों, नेताओं और कुछ विधायकों की सक्रिय भागीदारी देखी जा रही है।

2027 की बिसात पर धार्मिक जुटान का असर?

जैसे-जैसे 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज हो रही है, वैसे-वैसे धार्मिक सभाओं और कथाओं के इर्द-गिर्द जुटने वाली भीड़ और सामाजिक नेटवर्कों को लेकर सियासी गुणा-गणित भी तेज हो गया है। विश्लेषकों के मुताबिक, यह 'कथा बूम' चुनावी लामबंदी में कितना असर डालेगा, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि विभिन्न राजनीतिक दल और स्थानीय क्षत्रप इन आयोजनों से जुड़ने वाले जनसमूह और प्रभाव को किस तरह साधते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article