देश

केजरीवाल की गिरफ्तारी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जस्टिस खन्ना की बेंच करेगी सुनवाई

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Mar 22, 2024, 11:19 AM IST

प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज ही सुनवाई करेगा। जस्टिस संजीव खन्ना की बेंच सुनवाई करेगी।

Image

अरविंद केजरीवाल गिरफ्तारी केस पर सुनवाई

Arvind Kejriwal Case in SC: दिल्ली आबकारी नीति मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट केजरीवाल की याचिका पर सुनवाई को राजी हो गया है। प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ केजरीवाल की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट आज ही सुनवाई करेगा। चीफ जस्टिस ने ये मामला जस्टिस खन्ना की बेंच को भेजा था।

जस्टिस संजीव खन्ना की बेंच करेगी सुनवाई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में ईडी द्वारा उनकी गिरफ्तारी को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। अरविंद केजरीवाल के वकील अभिषेक सिंघवी ने ईडी द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया। इस पर भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) की अगुवाई वाली पीठ ने केजरीवाल के वकील को ईडी द्वारा गिरफ्तारी के खिलाफ उनकी याचिका को न्यायमूर्ति संजीव खन्ना के नेतृत्व वाली विशेष पीठ के समक्ष पेश करने को कहा।

तीन जजों की बेंच करेगी सुनवाई

जस्टिस संजीव खन्ना की अध्यक्षता वाली दो न्यायाधीशों की पीठ ने केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी को बताया कि अरविंद केजरीवाल के मामले की सुनवाई के लिए तीन जजों की पीठ एकत्रित होगी। न्यायमूर्ति खन्ना की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की दो-न्यायाधीशों की पीठ ने वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी से कहा कि अगर यह एक लिखित याचिका है, तो यह तीन-न्यायाधीशों की पीठ के समक्ष होगी।

भाजपा केजरीवाल को कुचलना चाहती है..

इससे पहले आज आम आदमी पार्टी ने प्रेस कांफ्रेंस कर भाजपा और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया। आप नेता व दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा कि केजरीवाल के पास ‘जेड प्लस’ सुरक्षा है, यह बड़ी चिंता का विषय है कि क्या केंद्र सरकार उन्हें ईडी की हिरासत में पर्याप्त सुरक्षा मुहैया करा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा केजरीवाल को कुचलना चाहती है, दिल्ली और देश की जनता इसका जवाब देगी। चुनाव के मद्देनजर विपक्षी नेताओं पर हमले शुरू हो गए हैं। यह दिखाता है कि भाजपा चुनावों को प्रभावित करने, जनादेश चुराने की कोशिश कर रही है। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल राय ने आरोप लगाया कि उन्हें अरविंद केजरीवाल के परिवार से मिलने नहीं दिया जा रहा।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article