देश

गुजरात में इसुदान गढ़वी की गिरफ्तारी पर भड़के AAP नेता, केजरीवाल और संजय सिंह ने BJP को जमकर सुनाया

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 एफआईआर हो चुकी हैं और 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार गिरफ़्तार कर चुकी है। भाजपा गुजरात में हार के डर से आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से बौखलाई हुई है और अब तानाशाही पर उतर आई है।

Image

गुजरात BJP पर केजरीवाल और संजय सिंह का निशाना

Gujarat AAP: आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत तमाम नेताओं ने भाजपा पर करारा हमला बोला है। ईशुदान गढ़वी पार्टी कार्यकर्ताओं की अवैध गिरफ्तारी की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। भाजपा सरकार की इस कार्यवाही पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले तीन महीनों में गुजरात में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के खिलाफ 145 एफआईआर हो चुकी हैं और 160 से ज्यादा कार्यकर्ताओं को भाजपा सरकार गिरफ़्तार कर चुकी है। भाजपा गुजरात में हार के डर से आम आदमी पार्टी से बुरी तरह से बौखलाई हुई है और अब तानाशाही पर उतर आई है। इसी डर का नतीजा है कि गुरुवार को पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी को गिरफ्तार कर लिया। अब गुजरात का एक-एक शख्स भाजपा से बदला लेगा। भाजपा का यह घमंड और अत्याचार गुजरात की जनता ही तोड़ेगी।

संजय सिंह ने बीजेपी सरकार पर बोला हमला

उधर, पार्टी मुख्यालय पर प्रेसवार्ता कर संजय सिंह ने कहा कि पिछले तीन महीने में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर 145 एफआईआर और करीब 160 नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। उन्हें जेल में डाला गया, यातनाएं दी गईं और अपने पक्ष में झुकाने के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन पार्टी के कार्यकर्ता और नेता चट्टान की तरह खड़े रहे। संजय सिंह ने कहा कि मंगलवार को आप कार्यकर्ता दीपक कुमार को कुछ गुंडों ने पीटा। जब वह अपनी शिकायत लेकर थाने गया, तो पुलिस ने उसी को गिरफ्तार कर लिया और उस पर धारा 307 लगा दी। इसके बाद जब पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी अपने कार्यकर्ता की पैरवी करने थाने गए, तो उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया। इसुदान गढ़वी का एक लंबा इतिहास रहा है, उन्होंने एक पत्रकार के तौर पर गुजरात की जनता को जगाने का काम किया है और एक नेता व शानदार वक्ता के तौर पर मजबूती से जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं। संजय सिंह ने सवाल किया कि यह दादागिरी और भाजपा की घबराहट नहीं है तो और क्या है?

संजय सिंह ने आगे कहा कि इसुदान गढ़वी की पूरे गुजरात में पकड़ है और उन पर ऐसी कार्रवाई करके सरकार उन्हें दबा नहीं पाएगी। आम आदमी पार्टी के लोग जेल जाते हैं, लाठियां खाते हैं, मुकदमे झेलते हैं और बाहर आकर फिर लड़ते हैं। इसुदान गढ़वी भी बहादुर नेता हैं और वह भी बाहर आकर फिर से लड़ेंगे। आप नेताओं को झुकाया नहीं जा सकता। संजय सिंह ने आगे कहा कि सत्ता जितना अहंकार दिखाती है, जितना जुल्म करती है, जितने मुकदमे लिखाती है और जेल में डालती है, वह लगातार उसके पतन का कारण बनता जाता है। गुजरात में भाजपा का पतन आम आदमी पार्टी ही करेगी और इनका सफाया करेगी। इसुदान गढ़वी के साथ पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित पूरी पार्टी खड़ी है।

सिसोदिया बोले, गढ़वी की गिरफ्तारी हताशा का प्रमाण

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब के प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि पूरे देश को बर्बाद कर चुकी भाजपा केवल एक ही काम करती है, जो भी आवाज उठाए उसको जेल में डाल दो। आप के गुजरात के अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी भी उनकी हताशा का प्रमाण है। सत्ता में बैठे लोगों को यह याद रखना चाहिए कि जनता सब देख रही है और समय आने पर वही जनता इसका कड़ा जवाब भी देती है।

सौरभ भारद्वाज बोले, डर गई बीजेपी

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने ईशुदान गढ़वी की गिरफ्तारी का कड़ा एतराज जताते हुए कहा कि पिछले कई दिनों से गुजरात में हमारे आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं को गुजरात पुलिस लगातार गिरफ्तार कर रही है। अभी-अभी यह खबर आ रही है कि गुजरात की बीजेपी पुलिस ने गुजरात आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष ईशुदान गढ़वी को भी अरेस्ट कर लिया है। मैं पूछना चाहता हूं कि भाजपा को आखिर इतना डर क्यों है भाई?

आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रभारी गोपाल राय ने कहा कि गुजरात की भाजपा सरकार आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता और पार्टी के जांबाज, निडर कार्यकर्ताओं व नेताओं से इतनी डर गई है कि आए दिन कहीं न कहीं हमारे लोगों को गिरफ्तार कर रही है। उन्होंने इस बात पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि जब आम आदमी पार्टी के गुजरात प्रदेश अध्यक्ष इशुदान गढ़वी खंभालिया थाने में गिरफ्तार कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे, तो पुलिस ने उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया, जो कि सरासर तानाशाही है।

आतिशी बोलीं, जनता भाजपा से बुरी तरह परेशान

आप की वरिष्ठ नेता और दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि गुजरात की जनता भाजपा से बुरी तरह परेशान हो चुकी है और 2027 के विधानसभा चुनावों में उन्हें सत्ता से बेदखल करने का पूरा मन बना चुकी है। इसी बौखलाहट के चलते भाजपा की पुलिस आम आदमी पार्टी के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है, जो सरकार का डटकर विरोध कर रहे हैं। सत्ता का इतना अहंकार ठीक नहीं है। इतिहास इस बात का गवाह है कि जो सरकार जितना अधिक अत्याचार करती है, आने वाले समय में जनता उसे उतना ही करारा सबक सिखाती है।

दुर्गेश पाठक ने कहा कि गुजरात में भाजपा की गुंडागर्दी चरम पर है। पिछले कई महीनों से भाजपा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को तोड़ने और उन्हें डराने का पूरा प्रयास कर रही है। पिछले कई दिनों से पुलिस आप कार्यकर्ताओं को थाने बुलाती है, उन्हें प्रताड़ित करती है और धमकाती है। कार्यकर्ताओं पर 307 जैसे संगीन मुकदमे दर्ज करके उन्हें जेल में डाला जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडल author

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर... और देखें

End of Article