देश

झूठ और अफवाह: अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री ने ताकसिंग में चीनी घुसपैठ के दावों को सिरे से नकारा

Arunachal Border Encroachment: अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नातुंग ने राज्य के ताकसिंग सेक्टर में चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र में कथित घुसपैठ के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया।

Image

अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नातुंग (फोटो साभार: @NatungMama)

Photo : Twitter

Arunachal Border Encroachment: अरुणाचल प्रदेश के गृह मंत्री मामा नातुंग ने रविवार को राज्य के अपर सुबनसिरी जिले के ताकसिंग सेक्टर में चीन द्वारा भारतीय क्षेत्र में कथित घुसपैठ के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें ''झूठ और सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहें'' करार दिया।

'PLA ने अरुणाचल में नहीं की घुसपैठ'

कारगिल विजय दिवस समारोह से इतर संवाददाताओं से बातचीत में नातुंग ने कहा कि चीन की पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) ने राज्य के किसी भी हिस्से में घुसपैठ नहीं की है। उन्होंने कहा, ''अरुणाचल प्रदेश में चीन की ओर से कोई घुसपैठ नहीं हुई है। यह सब झूठ और सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहें हैं। हमारे जवान चौबीसों घंटे सीमा की रक्षा कर रहे हैं। कोई भी चीनी भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ करने का साहस नहीं कर सकता। मैं भरोसा दिलाता हूं कि यह सब महज अफवाहें हैं और कुछ नहीं।''

'देश की रक्षा के लिए अपना खून बहाने को तैयार'

नातुंग ने सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों और सुरक्षा बलों के बीच घनिष्ठ संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश के लोग देश की रक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने कहा, ''अरुणाचल प्रदेश के लोग हमेशा भारतीय सेना के साथ खड़े रहे हैं और देश की रक्षा के लिए अपना खून बहाने को भी तैयार हैं।''

गृह मंत्री का यह स्पष्टीकरण 'नाह वेलफेयर सोसाइटी' (NWS) के उन दावों के बाद आया है, जिसमें कहा गया था कि पिछले करीब डेढ़ दशक में ताकसिंग सेक्टर के निकट पीएलए की गतिविधियां बढ़ गई हैं।

इस सामुदायिक संगठन ने दावा किया था कि चीनी सेना की चौकियां और बुनियादी ढांचा धीरे-धीरे सीमा के और निकट आ गए हैं। संगठन ने यह भी कहा था कि उसने इस संबंध में पूर्व में वरिष्ठ संवैधानिक प्राधिकारियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन भी सौंपे हैं। इन दावों के सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद स्थानीय निवासियों के बीच चिंता का माहौल पैदा हो गया था।

अरुणाचल भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और रहेगा

भारत और चीन के बीच अरुणाचल प्रदेश में 1,129 किलोमीटर लंबी सीमा है। बीजिंग अरुणाचल प्रदेश को तथाकथित 'दक्षिण तिब्बत’ का हिस्सा बताता है। भारत ने चीन के इस दावे को बार-बार खारिज करते हुए दोहराया है कि अरुणाचल प्रदेश देश का अभिन्न हिस्सा और अविभाज्य अंग है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article