West Bengal: हावड़ा में TMC कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, जमकर हुई हिंसा और आगजनी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 30, 2020, 08:40 AM IST

  पश्चिम बंगाल के हावड़ा में टीएमसी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है इस हत्या के बाद इलाके में जमकर हंगामा हुआ साथ ही आगजनी भी की गई।

 West Bengal: हावड़ा में TMC कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, जमकर हुई हिंसा और आगजनी
Photo Credit: ANI

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद पार्टी के युवा विंग के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया, मृतक कार्यकर्ता का नाम धर्मेंद्र सिंह है उसकी हत्या के लिए टीएमसी बीजेपी को जिम्मेदार बता रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जब वो अपने घर की तरफ जा रहे थे तो बाइक सवार हमलावरों ने उन पर फायर किए जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

टीएमसी कार्यकर्ताओं ने इस हत्या के विरोध में हावड़ा के बोटैनिकल गार्डन इलाके में जमकर उत्पात मचाया, आगजनी और तोड़फोड़ भी की। गुस्साए लोगों ने कुछ जगहों पर आग लगा दी।

हत्या की इस घटना के बाद फैले तनाव को देखते हुए पूरे इलाके में भारी पुलिसबल तैनात कर दिया गया है वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे हमलावरों की पहचान करने में जुट गई है। 

TMC का आरोप है कि हत्या में बीजेपी का हाथ

तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि हत्या में बीजेपी का हाथ है, जबकि बीजेपी ने इन आरोपों से इनकार किया है, बताते हैं कि मृतक और आरोपी दोनों ही रियल एस्टेट का धंधा करते थे पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।बता दें कि इससे पहले भी पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं की हत्याएं हो चुकी हैं।

End of Article