मंडी में बोले वरुण गांधी- मैं सरकार के सामने हाथ नहीं जोडूंगा, सीधे कोर्ट जाऊंगा और सबको अरेस्ट करवाऊंगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 29, 2021, 12:30 PM IST

भारतीय जनता पार्टी के सांसद वरुण गांधी इन दिनों किसानों के मुद्दों को जमकर उठा रहे हैं। वरुण ने एक बार फिर एमएसपी की वैधानिक गारंटी की मांग को दोहराया है।

मंडी में बोले वरुण गांधी- मैं सरकार के सामने हाथ नहीं जोडूंगा, सीधे कोर्ट जाऊंगा और सबको अरेस्ट करवाऊंगा

नई दिल्ली: भाजपा सांसद वरुण गांधी इन दिनों किसानों के मुद्दों को लेकर लगातार मुखर हैं। किसानों के मुद्दों पर वह सरकार को लगातार घेर रहे हैं। इस बीच वरुण गांधी ने एक बार फिर एमएसपी की वैधानिक गांरटी की बात करते हुए अपना एक वीडियो ट्वीट किया है। वीडियो में दिख रहा है कि वरुण गांधी कहीं मंडी में खड़े हैं और वहां के कर्मचारियों को चेतावनी दे रहे हैं। वरुण ने ट्वीट कर कहा, 'जब तक एमएसपी की वैधानिक गारंटी नहीं होगी, ऐसे ही मंडियों में किसानों का शोषण होता रहेगा। इस पर सख़्त से सख़्त कार्यवाही होनी चाहिए।'

क्या है वीडियो में

वीडियो में वरुण गांधी मंडी के कर्मचारियों से कहते हैं, 'आप अच्छी तरह जानते हैं कि कुछ दिन पहले एक किसान ने अपनी धान की फसल में खुद आग लगा दी थी। पीलीभीत में भी ऐसा हुआ और 17 जिलों में ऐसा हो चुका है कि किसान खुद अपनी धान में आग लगा रहा है। ये पूरे उत्तर प्रदेश के लिए राष्ट्र और दुनिया में शर्म का विषय बन चुका है। आप इस समय अच्छी तरह जानते हैं कि किसान कितना कष्ट में है। महंगाई का सामना एक इंसान के रूप में आप भी कर रहे हैं। आप देख रहे हैं कि फर्टिलाइजर्स की कमी है राष्ट्र में। आप देख रहे हैं कि किस तरीके से प्राकृतिक आपदा का शिकार हुआ है किसान अभी-अभी। उत्तराखंड से पानी छोड़ा गया, यहां बाढ़ आई, बारिश आई।'

किसान मरने के कगार पर

बिचौलियों का जिक्र करते हुए वरुण गांधी आगे कहते हैं, 'आप लोग हर काम में झूठा कारण ढूंढते हो, कभी कहते हो नमी है, कभी कहते हो टूटन है, कभी आप कहते हो कि कालापन है और आप उसे रिजेक्ट करते हो। वैसे ही किसान इस समय मरने के कगार पर है, और वो क्या करता है फिर.. आप उसे भेजते हो अपने मित्रों के पास जो बाहर खड़े रहते हैं। ये सब राइस मिलर्स, सब बिचौलिया.. उन्हीं को 11-12 सौ में बेचते हैं और वहीं आपके पास आकर 1940 में बेच रहे हैं। सब नेक्सस पूरे देश में दिख रहा है। आप क्यों बद्दुआ लेना चाहते हैं करोड़ों-करोड़ों लोगों की जो वैसे ही टूटे हुए हैं।'

दी चेतावनी

वीडियो के अगले हिस्से में वरुण गांधी मंडी कर्मचारियों को चेतावनी भरे लहजे में कहते हैं, 'मैं आप लोगों को इस समय चेताने आया हूं कि मेरा एक प्रतिनिधि हर मुख्य क्रय केंद्र में आज के बाद रहेगा जो रिकार्ड करेगा हर चीज को। ये साक्ष्य एकत्र करेंगे और अगर पता चला कि यहां कोई भ्रष्टाचार है या क्रूरता है किसानों के प्रति तो मैं सरकार के सामने हाथ नहीं जोडूंगा, मैं सीधे कोर्ट जाऊंगा और आप सबको गिरफ्तार करवाऊंगा।'

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!