Tuticorin custodial deaths: तूतिकोरिन हिरासत में मौत मामले में 5 पुलिसकर्मी गरिफ्तार, लोगों ने पटाखे छोड़े 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 2, 2020, 09:35 AM IST

Tuticorin (Tamil Nadu) custodial death case: तमिलनाडु में पी जयराज एवं बेनिक्स की पुलिस हिरासत में हुई मौत के बाद राज्य की पुलिस सक्रिय हो गई। मामले में अभी तक 5 पुलिसकर्मी गिरफ्तार हो चुके हैं।

Tuticorin custodial deaths: तूतिकोरिन हिरासत में मौत मामले में 5 पुलिसकर्मी गरिफ्तार, लोगों ने पटाखे छोड़े 
Photo Credit: PTI

तूतिकोरिन : तमिलनाडु के तूतिकोरिन में पुलिस हिरासत में पिता-पुत्र की मौत मामले में तीन और पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य की सीबी-सीआईडी ने इंस्पेक्टर श्रीधर को गिरफ्तार किया है। श्रीधर पर आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। इस मामले में अब तक पांच पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बता दें कि पुलिस हिरासत में पी जयराज एवं बेनिक्स की मौत प्रताड़ना की वजह से हुई है। इस मामले के तूल पकड़ने और कोर्ट की टिप्पणी आने के बाद राज्य सरकार सक्रिय हुई है। 

पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी पर पटाखे छोड़े
मामले में आरोपी सब-इंस्पेक्टर रगु णेश की गिरफ्तारी पर सथनकुलम के लोगों ने पटाखे छोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस मामले में सब इंस्पेक्टर बालाकृष्णन, कांस्टेबल मुथुराज एवं मुरुगन की भी गिरफ्तारी हुई है। आईजी शंकर ने कहा, 'हमने अब आरोपियों पर हत्या का आरोप भी लगाया है। हम लोग इस मामले में और लोगों से बातचीत कर रहे हैं। जांच के बाद हम और कदम उठाएंगे। शुरुआती जांच में इन लोगों की भूमिका पाई गई है। हम आगे जांच की दिशा देखेंगे कि वह किस तरफ जा रही है।'

19 जून की है पिटाई की घटना
वहीं, एक महिला हेड कांस्टेबल ने घटना की न्यायिक जांच कर रही टीम को बताया कि सथनकुलम स्टेशन में पुलिसकर्मियों ने पूरी रात दोनों कारोबारियों को पुरी तरह पीटा। इन्हें पिछले महीने लॉकडाउन का कथित रूप से उल्लंघन करने पर हिरासत में लिया गया था। हिरासत में पिटाई की यह घटना 19 जून की है। सथानकुलम पुलिस मोबाइल एसेसरीज की दुकान देर से बंद करने के लिए जयराज और उनके बेटे बेनिक्स को थाने ले आई थी। आरोप है कि यहां दोनों को बुरी तरह पीटा गया। इससे पिता-पुत्र दोनों की तबीयत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। 
 

End of Article