Tamil Nadu: तमिलनाडु निकाय चुनाव में DMK को मिली बड़ी जीत, ऐसा रहे नतीजे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 23, 2022, 07:23 AM IST

Tamil Nadu : निकाय चुनावों में डीएमके प्रदर्शन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह एवं जोश देखा गया है। निगम, नगरपालिका एवं पंचायत के वार्डों में उम्मीदवारों के बढ़त लेने पर कार्यकर्ता चेन्नई में पार्टी मुख्यालय पर जुटे और जश्न मनाया।

Tamil Nadu: तमिलनाडु निकाय चुनाव में DMK को मिली बड़ी जीत, ऐसा रहे नतीजे

Tamil Nadu : तमिलनाडु में हाल में संपन्न शहरी स्थानीय निकाय चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह आठ बजे मतगणना शुरू हुई, जिसमें सत्तारूढ़ डीएमके पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। शाम तक आए नतीजों के मुताबिक, राज्य के कुल 1374 निगम वार्ड में से DMK ने अब तक 879 सीट, मुख्य विपक्षी दल AIADMK ने 140 सीट, बीजेपी ने 16 और अन्य ने 93 सीटों पर जीत दर्ज की है। चेन्नई कॉर्पोरेशन के अब तक के परिणामों के अनुसार, 200 में से 175 के नतीजे आ गए हैं। डीएमके ने 133 और AIADMK ने 15 पर जीत दर्ज की है।

नतीजों पर बोले OPS

शहरी स्थानीय निकाय चुनाव परिणामों पर AIADMK समन्वयक OPS ने कहा कि परिणाम अपेक्षित हैं। अगर चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से होते तो अन्नाद्रमुक बड़ी जीत दर्ज करती। यह द्रमुक की कृत्रिम जीत है। यह लोगों के मन का प्रतिबिंब नहीं है। अन्नाद्रमुक को कई हार का सामना करना पड़ा है। हमने उनसे उबर कर बड़ी जीत दर्ज की है।

ये बोले एमके स्टालिन

वहीं DMK नेता और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि हमने भारी जीत दर्ज की है। मैं तमिलनाडु के लोगों को धन्यवाद देता हूं। मैंने चुनाव के समय लोगों से केवल एक ही अनुरोध किया था। मैंने आप सभी से डीएमके गठबंधन को पूर्ण बहुमत देने के लिए कहा ताकि हम आपके लिए काम कर सकें। आपने हमें वह दिया है। यह सुशासन के द्रविड़ मॉडल का समर्थन है। हम अपने सभी वादों को पूरा कर रहे हैं। आप का हम पर जो भरोसा है, हम उसकी रक्षा करेंगे। मेरा एक अनुरोध है। इस जीत को बहुत धूमधाम से न मनाएं। जनता के लिए मेहनत करो। लोगों की जरूरतों को पूरा करें और सुनिश्चित करें कि आपके खिलाफ कोई शिकायत नहीं हो। हमने पिछले 8 महीनों में सरकार द्वारा किए गए अच्छे कामों के कारण आज अन्नाद्रमुक के गढ़ को तोड़ दिया है।

पहली बार निकाय चुनाव में ट्रांसजेंडर को मिली जीत
तमिलनाडु के वेल्लोर नगर निगम के एक वार्ड में ट्रांसजेंडर गंगा नायक को जीत मिली है। गंगा को 2,2129 वोट मिले हैं। तमिलनाडु निकाय चुनाव में जीत हासिल करने वाली गंगा पहली ट्रांसजेंडर हैं। उतमधा कोईल स्ट्रीट की रहने वाली गंगा (49) को डीएमके ने वार्ड नंबर 37 से लड़ाया है। वेल्लोर की रहने वाली गंगा डीएमके से पिछले 20 साल से जुड़ी हैं। 

निकाय चुनाव में द्रमुक सबसे आगे
तमिलनाडु राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, राज्य के कुल 1,374 निगम वार्ड में से 1128 के नतीजे सामने आ गए हैं। द्रमुक ने अब तक 57 सीट, मुख्य विपक्षी दल अन्नाद्रमुक ने सात सीट और अन्य ने आठ सीट पर जीत दर्ज की है। द्रमुक की सहयोगी कांग्रेस ने सात और माकपा ने दो वार्ड में जीत हासिल की है। नगर पालिकाओं में कुल वार्ड सदस्य सीटें 3,843 हैं जिनमें, द्रमुक ने 2519 और अन्नाद्रमुक ने 621, बीजेपी ने 56, DMDK ने 12 और अन्य ने 553 पर जीत हासिल की है। नगर पंचायतों में, द्रमुक ने 4882 वार्ड और अन्नाद्रमुक ने 1207 वार्ड में जीत हासिल की है। शहरी निकाय चुनाव के लिए 19 फरवरी को मतदान हुआ था। राज्य में 200 से अधिक केन्द्रों पर सुबह आठ बजे मतगणना शुरू की गई।

डीएमके में उत्साह का माहौल
निकाय चुनाव में डीएमके प्रदर्शन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह एवं जोश देखा गया है। निगम, नगरपालिका एवं पंचायत के वार्डों में उम्मीदवारों के बढ़त लेने पर कार्यकर्ता चेन्नई में पार्टी मुख्यालय पर जुटे। कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मिल रही जीत पर खुशी का इजहार किया और वे जश्न मनाते दिखे।

End of Article