झारखंड: IIT की छात्रा के साथ छेड़छाड़,आरोपी SDM गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 6, 2022, 10:00 AM IST

IAS Officer Arrested: मामला 2 जुलाई का है, जब हिमाचल प्रदेश के आईआईटी से यहां इंटर्नशिप के लिए आई एक छात्रा के साथ आरोपी द्वारा अपने आवास पर जोर-जबर्दस्ती करने और अभद्र आचरण की बात सामने आई है।

झारखंड: IIT की छात्रा के साथ छेड़छाड़,आरोपी SDM गिरफ्तार

IAS Officer Arrested: झारखंड के खूंटी जिले में आईआईटी की एक छात्रा के साथ कथित रूप स छेड़छाड़ करने के आरोप में जिले के सब डिविजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) सैयद रियाज अहमद को पुलिस ने बीती रात हिरासत में ले लिया है। अहमद भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2019 बैच के अधिकारी हैं । छात्रा हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है और इंटर्नशिप के लिए यहां खूंटी आई हुई थी। पुलिस के अनुसार मामला 2 जुलाई का है और छात्रा के शिकायत पर पुलिस ने आरोपी एसडीएम को हिरासत में लिया है।

पार्टी के बहाने छेड़छाड़

खूंटी के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के अनुसार अधिकारी से पूछताछ की जा रही है। मामला 2 जुलाई का है, जब हिमाचल प्रदेश के आईआईटी से यहां इंटर्नशिप के लिए आई एक छात्रा के साथ आरोपी द्वारा अपने आवास पर जोर-जबर्दस्ती करने और अभद्र आचरण की बात सामने आई है। छात्री ने आरोपी एसडीएम पर आरोप लगाया है कि इंटर्नशिप कार्यक्रम में यहां आए आईआईटी के छात्र-छात्राओं को एसडीएम रियाज अहमद ने अपने आधिकारिक आवास पर एक जुलाई को पार्टी में बुलाया था। 

पीड़ित छात्रा के अनुसार रात भर चली पार्टी के बाद जब वह अपने अन्य साथियों के साथ दो जुलाई की सुबह एसडीएम आवास से निकलने वाली थी तो अकेले होने का फायदा उठाकर आईएएस अधिकारी ने उसके साथ कथित रूप से बदतमीजी की।छात्रा ने घटना की सूचना स्थानीय महिला थाना में दी लेकिन सोमवार शाम को पीड़िता के बयान पर एसडीएम के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और देर रात्रि ही रियाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

8 छात्राएं कर रही हैं इंटर्नशिप

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पीड़िता समेत आईआईटी की आठ छात्राएं कई अन्य छात्रों के साथ इन दिनों खूंटी में इंटर्नशिप के लिए आई हुई है। उन्होंने बताया कि शनिवार की देर शाम एसडीओ आवास में इन प्रशिक्षुओं के लिए रात्रि भोज की व्यवस्था की गई थी जिसके बाद यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि एसडीएम रियाज अहमद के खिलाफ पुलिस ने खूंटी की महिला थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और 509 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस बीच भाजपा ने रियाज अहमद के विरूद्ध प्रदर्शन किया एवं उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग की।प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने पीटीआई-भाषा से कहा कि यह शर्मनाक, अचिंतनीय है...हम अधिकारी के विरूद्ध कठोरतम संभावित कार्रवाई की मांग करते है ताकि कोई अन्य अधिकारी इतनी नीचे नहीं गिरे। 

End of Article