UP By Election: समाजवादी पार्टी ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में मुकाबला बनाया रोचक

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 7, 2022, 12:03 AM IST

2019 के लोकसभा चुनाव में आजमगढ़ सीट से सपा प्रत्याशी के रूप में सपा मुखिया अखिलेश यादव मैदान में थे। वहीं भाजपा ने भोजपुरी सिनेस्टार दिनेश लाल यादव को मैदान में उतारा था। उस चुनाव में अखिलेश ने जीत दर्ज की थी। अब उपचुनाव में भाजपा ने एक बार फिर दिनेश लाल यादव निरहुआ पर भरोसा जताया है। 

UP By Election: समाजवादी पार्टी ने रामपुर और आजमगढ़ उपचुनाव में मुकाबला बनाया रोचक

लखनऊ:  यूपी में दो सीट पर होने जा रहे उपचुनाव पर समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। नामांकन के आखिरी दिन आजमगढ़ से पूर्व सांसद धर्मेन्द्र यादव और रामपुर से आसिम राजा को प्रत्याशी बनाया है। दोनों प्रत्याशियों ने अपना पर्चा भर दिया है। अब मुकाबला रोचक हो गया है।

समाजवादी पार्टी प्रत्याशी के रूप में धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को आजमगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंच कर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान जिले के कई सपा विधायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे। सपा मुखिया अखिलेश यादव द्वारा आजमगढ़ लोकसभा सीट से त्यागपत्र देने के चलते यहां उपचुनाव हो रहा है।

रामपुर लोकसभा सीट से असिम रजा SP उम्मीदवार

उधर, समाजवादी पार्टी ने रामपुर लोकसभा सीट से असिम रजा को अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके पहले समाजवादी पार्टी से आजम खान की पत्नी तंजीन फातिमा का नाम तय माना जा रहा था, लेकिन नामांकन के आखिरी दिन सोमवार को आजम खां ने आसिम राजा के नाम की घोषणा की। वह आजम के बेहद करीबी माने जाते हैं और रामपुर से समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष हैं।

बसपा और कांग्रेस ने रामपुर सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारने का ऐलान किया

भाजपा ने रामपुर उपचुनाव में घनश्याम लोधी को टिकट दिया है। वहीं, बसपा और कांग्रेस ने रामपुर सीट पर प्रत्याशी नहीं उतारने का ऐलान किया है। ऐसे में मुख्य मुकाबला सपा और भाजपा के बीच हो सकता है।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की रामपुर और आजमगढ़ लोकसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। विधानसभा चुनाव जीतने वाले आजम खां और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे के बाद दोनों सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों सीटों पर 23 जून को उपचुनाव होना है। परिणाम 26 जून को आएंगे।

End of Article