Delhi Weather Forecast: नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे इलाकों में शनिवार सुबह जब लोगों की नींद खुली तो बाहर का मौसम वाकई शानदार था। हल्की बारिश के साथ चल रही ठंड हवाओं ने एनसीआर वासियों का वीकेंड और सुहावना कर दिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार सुबह 8.30 बजे राजधानी में अधिकतम तापमान गिरकर 25.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
आईएमडी ने पहले ही शनिवार को बारिश और गरज के साथ सामान्य रूप से बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की थी। आईएमडी के एक अधिकारी के अनुसार, 'अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।' आईएमडी ने कहा कि शहर के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को हल्की बारिश हुई, जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिल्ली यातायात पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘रेलवे अंडरपास पुल प्रह्लादपुर पर यातायात की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। जलभराव के कारण दोनों कैरिजवे बंद हैं। शूटिंग रेंज की ओर से आने वाले यात्री लाल कुआं रेड लाइट से बाएं मुड़ सकते हैं और बदरपुर की ओर से आने वाले यात्री मथुरा रोड के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।“
कई जगहों पर हुआ जलभराव
शुक्रवार और शनिवार को जिन क्षेत्रों में बारिश हुई उनमें लोधी रोड, रिज, आयानगर, पालम, पीतमपुरा और जाफरपुर, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं। जैसे ही शहर में बारिश हुई, यातायात पुलिस ने यात्रियों को जलभराव वाले मार्गों से जाने से बचने का आग्रह किया। हरियाणा के गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव होने से लोगों को आने जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

