Punjab: भगवंत मान ने अपने पास रखा गृह मंत्रालय, हरपाल चीमा वित्त तो मीत हायर शिक्षा मंत्री बने, जानें किसे क्या मिला

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 21, 2022, 05:28 PM IST

Punjab Ministers: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्य का गृह विभाग अपने पास रखा है। हरपाल चीमा को राज्य का वित्त मंत्री, गुरमीत सिंह मीत हेयर को शिक्षा मंत्री, डॉ. विजय सिंघला को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है।

Punjab: भगवंत मान ने अपने पास रखा गृह मंत्रालय, हरपाल चीमा वित्त तो मीत हायर शिक्षा मंत्री बने, जानें किसे क्या मिला

पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के सभी मंत्रियों को मंत्रालयों का बंटवारा कर दिया गया है। 19 मार्च को 10 मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की थी और आज सभी को मंत्रालय बांट दिए गए हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने गृह मंत्रालय अपने पास ही रखा है। हरपाल चीमा पंजाब के वित्त मंत्री बने हैं। महत्वपूर्ण शिक्षा मंत्रालय गुरमीत सिंह मीत हायर के पास गया है। डॉ. विजय सिंघला को स्वास्थ विभाग दिया गया है।

इनके अलावा हरजोत बैंस कानून और टूरिज्म मंत्री होंगे। डॉ. बलजीत कौर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री होंगी। हरभजन सिंह बिजली मंत्री होंगे। लाल चंद के पास फूड और सप्लाई विभाग होगा। कुलदीप सिंह धालीवाल ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री होंगे। लालजीत सिंह भुल्लर परिवहन मंत्री होंगे। ब्रम शंकर के पास पानी के साथ साथ आपदा मंत्रालय भी होगा।

आप के शपथ ग्रहण समारोह में शनिवार को 10 विधायकों ने पहले कैबिनेट गठन की शपथ ली। मंत्रियों में एक महिला, 4 अनुसूचित जाति (एससी) और 2 हिंदू शामिल हैं। पंजाब की कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत 18 मंत्री हो सकते हैं। राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने राजभवन में मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पूर्व नेता प्रतिपक्ष हरपाल सिंह चीमा, एक प्रमुख दलित चेहरा और गुरमीत सिंह मीत हेयर को छोड़कर, बाकी 8 मंत्री पहली बार विधायक बने हैं। मलोट से जीतने वाली बलजीत कौर मंत्री पद पाने वाली अकेली महिला हैं।

आप ने विधानसभा की 117 में से 92 सीटों पर जीत दर्ज कर प्रचंड जीत दर्ज की। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 2017 में 77 से कम 18 सीटे जीती हैं। नवोदित 85 विधायकों में से 82 आप के हैं। इसके अलावा मान ने विधानसभा में प्रवेश किया हैं।

End of Article