लखनऊ नहीं, गुरूग्राम में शिफ्ट होंगी प्रियंका गांधी, 31 जुलाई तक खाली करना है दिल्ली का आवास

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 22, 2020, 11:44 AM IST

Priyanka Gandhi Vadra Residence: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा कुछ महीने के लिए गुरुग्राम के एक आवास में शिफ्ट होंगी। इसके बाद वह दोबारा दिल्ली के एक बंगले में शिफ्ट होंगी।

लखनऊ नहीं, गुरूग्राम में शिफ्ट होंगी प्रियंका गांधी, 31 जुलाई तक खाली करना है दिल्ली का आवास
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी इस महीने के अंत में लोधी एस्टेट स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर देंगी। कांग्रेस नेता यहां से हरियाणा के गुरुग्राम में सेक्टर 42 स्थित डीएलएफ अरालिया में शिफ्ट होंगी। इसके पहले चर्चा थी कि कांग्रेस महासचिव लखनऊ स्थित एक बंगले में शिफ्ट होंगी और इसके लिए उस मकान का मरम्मत कराया जा रहा है। समाचार एजेंसी एएनआई ने प्रियंका गांधी से जुड़े करीबी सूत्रों के हवाले से बताया कि प्रियंका गांधी का इरादा अगले कुछ महीनों तक गुरुग्राम में रुकने का है। सूत्रों का कहना है कि वह राष्ट्रीय राजधानी में किराए पर दो से तीन बंगले देख रही हैं और वह इस बारे में शीघ्र फैसला करेंगी। 

कुछ महीने बाद दोबारा दिल्ली होंगी शिफ्ट
रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता अपने लिए राजधानी दिल्ली के एक बंगले में ठहर सकती हैं। यह बंगला सुजान सिंह पार्क के पास स्थित है। सूत्रों का कहना है कि इस बंगले का मरम्मत काम एक से दो महीने में पूरा हो जाएगा। इस बंगले का मरम्मत कार्य पूरा होने तक प्रियंका गुरुग्राम के आवास पर रुकेंगी। दिल्ली में इस बंगले का मरम्मत कार्य पूरा हो जाने के बाद वह यहां पर शिफ्ट होंगी।

गुरुग्राम के घर में लाया गया सामान
सूत्रों का कहना है कि प्रियंका के दिल्ली स्थित आवास का ज्यादातर सामान गुरूग्राम के इस घर में लाया जा चुका है। यहां के आवास की सुरक्षा समीक्षा का काम भी पूरा किया जा चुका है। सीआरपीएफ ने यहां की सुरक्षा का जायजा ले लिया है। प्रियंका गांधी को जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है। समझा जाता है कि वह अपनी राजनीतिक बैठकें अपनी मां एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के आवास पर करेंगी।

सरकार ने लोधी रोड स्थित बंगला खाली करने के लिए कहा है
बता दें कि केंद्र सरकार ने गत एक जुलाई को प्रियंका गांधी को नोटिस जारी कर लोधी रोड स्थित घर खाली करने के लिए कहा।  सरकार ने 31 जुलाई तक इस सरकारी को आवास को खाली करना का निर्देश दिया है। इस बीच यह भी कहा गया कि प्रियंका गांधी दिल्ली के बाद लखनऊ में अपना आशियाना बनाएंगी। 
बताया गया कि वह लखनऊ में मौजूद 'कौल हाउस' में शिफ्ट होंगी। यह बंगला इंदिरा गांधी की मामी शीला कौल का है। 

लखनऊ में रहने की थी चर्चा
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं। ऐसे में चर्चा है कि प्रियंका गांधी ज्यादातर अपना समय उत्तर प्रदेश में बीताना चाहती हैं। समय समय पर वह सूबे का दौरा भी करती रही हैं। राज्य में 2022 में विस चुनाव होने हैं। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस नेता अगले महीने प्रदेश का दौरा कर सकती हैं। वहीं, सरकार की ओर से बंगला खाली करने का नोटिस मिलने पर कांग्रेस ने इसे राजनीतिक बदले की भावना की कार्रवाई बताया।

End of Article