'अब कब्रों से रामनामी भी छीनी जा रही है',प्रयागराज की रेत में दबे शवों को लेकर प्रियंका ने ट्वीट किया VIDEO

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 25, 2021, 07:11 PM IST

Dead Bodies Buried in Prayagraj Sand: प्रयागराज की रेत में दबे कोरोना संक्रमितों के शवों के साथ बेकदरी करने का आरोप कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने लगाया है उन्होंने इसे लेकर ट्वीट किया है।

'अब कब्रों से रामनामी भी छीनी जा रही है',प्रयागराज की रेत में दबे शवों को लेकर प्रियंका ने ट्वीट किया VIDEO
Photo Credit: Twitter

Prayagraj ki Rait me Dabae Shav: संगम नगरी प्रयागराज में कुछ ऐसे वीडियो सामने आए हैं जिसमें  संगम किनारे रेत में दफनाए गए शवों के ऊपर से चादर हटाई जा रही है, इसे लेकर प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए योगी सरकार पर हमला किया है। गौर हो कि उत्तर प्रदेश और बिहार में गंगा नदी में तैरते कई शव पाए गए थे। बाद में ये भी सामने आया था कि कोरोना संक्रमितों के शव गंगा के किनारे प्रयागराज, कानपुर, उन्नाव आदि जगहों पर रेत में दबे हुए पाए गए थे।

इसे लेकर लोगों की तीव्र प्रतिक्रियायें भी सामने आईं थीं और लोगों ने कहा था कि जीते जी ना तो इनको ढंग का इलाज मिला और अब ना उचित ढंग से अंतिम विदाई, इसे लेकर सोशल मीडिया से लेकर तमाम प्लेटफार्म पर अवाज उठाई गई थी।

वहीं अब एक बार फिर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने अपने ट्विवट हैंडल से एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा है-जीते जी ढंग से इलाज नहीं मिला। कितनों को सम्मान से अंतिम संस्कार नहीं मिला। सरकारी आंकड़ों में जगह नहीं मिली। अब कब्रों से रामनामी भी छीनी जा रही है।

सोशल मीडिया पर कुछ ऐसे वीडियो हैं जिसमें कुछ लोग गंगा किनारे दफनाए गए इन शवों के ऊपर पड़ी रामनामी चादर और उनके आसपास लगाई गईं लकड़‍ियां को हटाते हुए दिख रहे हैं वहीं मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक नगर निगम का अपना पक्ष है उसका कहना है कि तेज हवा से शव खुल गए थे उन पर फिर से रेत डाली जा रही है।

वहीं कांग्रेस पार्टी ने अपने ट्विटर हैंडल से इसे लेकर ट्वीट करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की आलोचना की है, उसमें लिखा है-सच पर वार करके भाजपा अपनी नाकामी को छिपाना चाहती है, जो संभव नहीं है।सच लाशों के रूप तैर रहा है, रेत में दबा है और चिताओं में जल रहा है।प्रधानमंत्री अपनी जिम्मेदारी से बचना चाहते हैं।
 

End of Article