पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने भगवंत मान, पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- राज्य के लिए मिलकर करेंगे काम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 16, 2022, 03:53 PM IST

भगवंत मान पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में राज्यपाल ने मान को शपथ दिलाई। इंकलाब के नारे के साथ शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर भगवंत मान को बधाई दी है।

पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने भगवंत मान, पीएम मोदी ने दी बधाई, कहा- राज्य के लिए मिलकर करेंगे काम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब के नए मुख्यमंत्री भगवंत मान को बधाई दी है। पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि श्री भगवंत मान जी को पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। पंजाब के विकास और राज्य के लोगों के कल्याण के लिए मिलकर काम करेंगे।

बुधवार को भगवंत मान पंजाब के 17वें सीएम बने। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया समेत AAP के तमाम बड़े नेताओं की मौजूदगी में मान ने शपथ ली, जिसके बाद उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेताओं से घमंड न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं पंजाब में रहकर देश को ठीक करूंगा। दिल्ली जैसे स्कूल पंजाब में बनाएंगे, मुझे यहां किसी की शिकायत नहीं करनी, मुझे यहां किसी को ललकारना नहीं है। जनता सबसे बड़ी है और हम सबका सम्मान करते हैं। मान ने कहा कि केजरीवाल ने पूरे देश की राजनीति सुधारी, हम आज से ही काम शुरू कर देंगे। एक दिन भी बर्बाद नहीं करेंगे। 

पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने राज्य के एसबीएस (शहीद भगत सिंह) नगर जिले में स्थित शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में आयोजित समारोह में मान को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में सिर्फ मान ने ही शपथ ली। समारोह के बाद मान ने कहा कि उनकी सरकार बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और किसानों की तकलीफों को दूर करेगी। शपथ ग्रहण समारोह में गुरदास मान, करमजीत अनमोल, गायक-राजनेता व कांग्रेस से सांसद मोहम्मद सदिकी और अमर नूरी सहित तमाम गायक और कलाकार मौजूद थे।

End of Article