देश

India Health Summit & Awards: 'दिल्ली में नकली दवाएं बिकने नहीं देंगे, जल्द खुलेंगे 4 नए अस्पताल', स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया अपना रोडमैप

Times Network India Health Summit & Awards 2026 को संबोधित करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य लोगों को उनके घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अगले साल दिल्ली में 4 नए अस्पताल खुलेंगे।

Image

Times Network India Health Summit & Awards 2026 कार्यक्रम में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह।

दिल्ली में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि अगले साल जनवरी महीने में उनकी सरकार राजधानी में चार नए अस्पताल खोलने जा रही है। इन अस्पतालों में आधुनिक तकनीक से लैस मशीनें लगाई जाएंगी और लोगों का बेहतर उपचार किया जाएगा। Times Network India Health Summit & Awards 2026 कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में नकली दवाओं एवं सामानों का कारोबार वह चलने नहीं देंगे। सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश लोगों को उनके घर के समीप ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

'प्रदूषण पर काफी हद तक रोक लगाएगी EV पॉलिसी'

डॉ. सिंह ने कहा कि हमारी सरकार शॉर्ट टर्म पर नहीं चलती। प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पिछली सरकार की ऑड-ईवन व्यवस्था की उन्होंने आलोचना की। सिंह ने कहा कि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए उनकी सरकार इलेक्ट्रिकल व्हीकल पर पॉलिसी लेकर आई है। इससे प्रदूषण पर काफी हद तक रोक लगेगी। AAP सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि मोहल्ला क्लिनिक के नाम पर लोगों के साथ धोखा हुआ। हमने करीब 450 आयुष्यमान आरोग्य मंदिर खोले हैं। इसमें करीब 100 इनहाउस टेस्ट किए जाते हैं। इससे लोगों को अपने घर के पास इलाज की प्राथमिक सुविधा मिलती है। पिछली सरकार में अस्पतालों की हालत जर्जर हो गई थी। अस्पतालों की अनुमानित लागत बढ़ने की वजह से वे खंडहर के रूप में खड़े थे। बड़े अस्पतालों में एमआरआई और सिटी स्कैन की व्यवस्था नहीं की गई।

'दिल्ली के अस्पतालों में हर रोज बदली जाती है बेड शीट'

दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के बाद डॉ. सिंह ने स्वास्थ्य क्षेत्र में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में अब हर रोज बेड की शीट बदली जाती है। इससे लोगों एवं मरीजों को पता चलता है कि शीट नई है, पुरानी नहीं है। प्रत्येक दिन बेड के शीट का रंग अलग-अलग होता है। उनकी कोशिश है कि अस्पतालों में हाइजिन बनी रहे। यही नहीं, अस्पतालों के कामकाज का जायजा लेने के लिए वह अक्सर राउंड पर निकलते हैं और अस्पताल में व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों का वह औचक निरीक्षण करते हैं, इसकी जानकारी अस्पतालकर्मियों को नहीं होती।

हर जिले में लोगों को मिलेगा आयुर्वेद का पंचकर्मा-डॉ. सिंह

डॉक्टर पंकज सिंह ने आगे बताया कि दिल्ली के हर जिले में आयुष के माध्यम से पंचकर्मा शुरू किए जा रहे हैं। मानसिक बीमारियां ठीक करने के लिए आयुर्वेद से थेरेपी दी जाएगी। आने वाले दिनों में हर जिले में लोगों को आयुर्वेद का पंचकर्मा मिलेगा। डॉ. सिंह ने कहा कि अस्पतालों में आपको परिवर्तन दिखेगा। हमारी सरकार दिसंबर के बाद चार और अस्पताल खोलने जा रही है। हमारी कोशिश है कि इलाज के लिए लोगों को दर-दर भटना न पड़े। इसके लिए हम स्वास्थ्य मंदिर के जरिए उनकी कॉलोनियों के पास स्वास्थ्य सुविधाएं दे रहे हैं।

'फलने-फूलने नहीं देंगे नकली दवाओं का कारोबार'

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह इस पद पर जब तक रहेंगे, तब तक दिल्ली में नकली दवाओं के कारोबार को फलने-फूलने नहीं देंगे। नकली दवा, इसके कारोबार एवं नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए उनका विभाग छापे की कार्रवाई करता है। डॉ. सिंह ने कहा कि वे दिल्ली में नकली दवाओं एवं नकली सामानों को नहीं बिकने देंगे। उन्होंने लोगों से नकली पनीर, खोया, दवाइयों के बारे में उन्हें फोन पर जानकारी देने की अपील की। डॉ. सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मीडिया के माध्यम से यदि कहीं कोई खामी दिखती है तो उसे दूर किया जाएगा।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article