PM GatiShakti : मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के लिए प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे 'पीएम गतिशक्ति' परियोजना की शुरुआत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Oct 13, 2021, 06:48 AM IST

PM GatiShakti Plan : इस परियोजना में भारतमाला, सागरमाला, इनलैंड वाटरवेज, ड्रॉय/लैंड पोर्ट्स, उड़ान जैसी विभिन्न मंत्रालयों एवं राज्य सरकारों की बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को शामिल किया जाएगा।

PM GatiShakti : मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के लिए प्रधानमंत्री मोदी आज करेंगे 'पीएम गतिशक्ति' परियोजना की शुरुआत
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली : देश में मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को प्रगति मैदान में 'पीएम गतिशक्ति' परियोजना की शुरुआत करेंगे। इस बारे में प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कहा गया है कि बड़ी बुनियादी परियोजनाओं के हिस्सेदारों के लिए इसके जरिए एक संस्थागत समग्र योजना बनाई जाएगी जो कि अतीत की मुश्किलों को दूर करेगी। ये परियोजनाएं एक साझा विजन के साथ तैयार की जाएंगी और उन्हें लागू किया जाएगा। 

राष्ट्रीय मास्टर प्लान की शुरुआत

इस परियोजना के बारे में पीएम मोदी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने एक आधिकारिक बयान को साझा करते हुए लिखा, ‘महाअष्टमी के पावन अवसर पर 13 अक्टूबर को दिन में 11 बजे पीएम गतिशक्ति-मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी के लिए राष्ट्रीय मास्टर प्लान की शुरुआत की जाएगी। यहां बताया गया है कि यह पहल क्यों खास है।’ इस परियोजना से सभी विभागों को एक केंद्रीकृत पोर्टल के माध्यम से एक-दूसरे की परियोजनाओं का पता चलेगा और मल्टी-मॉडल कनेक्टिविटी लोगों, वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान के लिए एकीकृत और निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। 

इसमें विभिन्न योजनाओं को शामिल किया जाएगा

इस परियोजना में भारतमाला, सागरमाला, इनलैंड वाटरवेज, ड्रॉय/लैंड पोर्ट्स, उड़ान जैसी विभिन्न मंत्रालयों एवं राज्य सरकारों की बुनियादी ढांचे से जुड़ी योजनाओं को शामिल किया जाएगा। देश में बिजनेस को और प्रतिस्पर्धी बनाने एवं कनेक्टिविटी में सुधार लाने के लिए इस परियोजना के दायरे में टेक्सटाइल क्लस्टर्स, फार्मास्युटिकल क्लस्टर्स, डिफेंस कॉरीडोर, इलेक्ट्रानिक पार्क, औद्योगिक कॉरीडोर, फिशिंग कलस्टर, कृषि जोन को लाया जाएगा। 

नए प्रदर्शनी परिसर का उद्घाटन करेंगे पीएम

पीएमओ ने अपने बयान में कहा है कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रगति मैदान में नए प्रदर्शनी परिसर (प्रदर्शनी हॉल दो से पांच) का भी उद्घाटन करेंगे। इंडिया ट्रेड प्रमोशन आर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) का प्रमुख कार्यक्रम भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (आईआईटीएफ) 14 से 27 नवंबर तक इन नए प्रदर्शनी हॉल में आयोजित किया जाएगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!