यूटिलिटी

पासपोर्ट बनवाना हुआ अब और भी आसान: जानें आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज और फीस से जुड़ी हर बात

Passport Application Guide 2026: पासपोर्ट बनवाने के लिए अब ऑनलाइन आवेदन, फीस भुगतान और अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया बेहद आसान हो गई है। सही दस्तावेजों और आयु तथा स्कीम के अनुसार तय शुल्क की जानकारी के साथ आप आसानी से नया पासपोर्ट प्राप्त कर सकते हैं।

Image

अब आसानी से बनवाएं पासपोर्ट

Photo : iStock

Passport Application Guide 2026 : अगर आप विदेश यात्रा की योजना बना रहे हैं या भविष्य की जरुरतों के लिए पासपोर्ट बनवाना चाहते हैं, तो यह प्रक्रिया अब काफी सरल और डिजिटल हो चुकी है। पासपोर्ट बनवाने के लिए अब आपको सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने की जरुरत नहीं है, क्योंकि अधिकांश शुरुआती काम घर बैठे ऑनलाइन ही हो जाते हैं। पासपोर्ट सेवा पोर्टल के जरिये ऑनलाइन आवेदन करने से लेकर, फीस जमा करने और पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) या पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) में अपॉइंटमेंट बुक करने तक की पूरी प्रक्रिया बेहद पारदर्शी बना दी गई है। हालांकि, आवेदन करते समय आपको कुछ जरूरी नियमों, दस्तावेजों और फीस संरचना का विशेष ध्यान रखना होगा, ताकि आपके आवेदन में किसी भी प्रकार की रुकावट न आए।

ऑनलाइन आवेदन करने की पूरी प्रक्रिया (स्टेप-बाय-स्टेप गाइड)

नया पासपोर्ट बनवाने के लिए आपको निम्नलिखित चरणों का पालन करना होगा:-

स्टेप 1: पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करें

सबसे पहले आधिकारिक पासपोर्ट सेवा वेबसाइट पर जाएं और 'नया यूजर रजिस्ट्रेशन' विकल्प पर क्लिक करके अपना खाता बनाएं। इसके बाद अपनी ईमेल आईडी पर आए लिंक से अकाउंट को वेरिफाई करें और अपने यूजरनेम व पासवर्ड से पोर्टल पर लॉगिन करें।

स्टेप 2: पासपोर्ट सेवा का चयन करें

लॉगिन करने के बाद, 'अप्लाई फॉर फ्रेश पासपोर्ट/रीइश्यू ऑफ पासपोर्ट' के विकल्प को चुनें। इसके बाद अपने वर्तमान निवास स्थान के आधार पर अपने नजदीकी क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) का चयन करें और आवेदन प्रक्रिया में आगे बढ़ें।

स्टेप 3: आवेदन फॉर्म भरें

फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियां जैसे कि व्यक्तिगत विवरण, परिवार की जानकारी, आवासीय पता और आपातकालीन संपर्क नंबर सावधानी से भरें। अगर आपके पास पहले से कोई पुराना पासपोर्ट है, तो उसका डिटेल भी दर्ज करें। फॉर्म सबमिट करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें, क्योंकि एक बार सबमिट होने के बाद इसमें बदलाव करना मुश्किल हो जाता है। फॉर्म जमा होने पर आपको एक एप्लीकेशन रेफरेंस नंबर (ARN) मिलता है।

स्टेप 4: फीस भुगतान और अपॉइंटमेंट बुक करें

अपने सबमिट किए गए आवेदन को खोलकर फीस भुगतान और अपॉइंटमेंट शेड्यूलिंग का विकल्प चुनें। यहां अपनी सुविधा के अनुसार 'नॉर्मल' या 'तत्काल' कोटा चुनें और अपने नजदीकी पासपोर्ट सेवा केंद्र (PSK) या पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र (POPSK) का चयन करें। ऑनलाइन भुगतान पूरा करने के बाद अपॉइंटमेंट रसीद का प्रिंट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें। ध्यान रहे कि नॉर्मल स्कीम में आप अपना अपॉइंटमेंट तीन बार रीशेड्यूल कर सकते हैं, जबकि तत्काल योजना में यह सुविधा केवल एक बार मिलती है।

किन दस्तावेजों की पड़ेगी जरुरत?

दस्तावेजों का सही होना पासपोर्ट मिलने की प्रक्रिया को तेज करता है। श्रेणी के अनुसार आपको निम्नलिखित दस्तावेज अपने साथ रखने होंगे:-

  • नए पासपोर्ट के लिए:- अपने वर्तमान पते का प्रमाण (जैसे आधार कार्ड, वोटर आईडी या बिजली बिल) और जन्म तिथि का प्रमाण (जैसे जन्म प्रमाण पत्र या 10वीं की मार्कशीट) अनिवार्य रूप से साथ रखें।
  • पासपोर्ट रीइश्यू (नवीनीकरण) के लिए:- अपना पुराना मौजूदा पासपोर्ट और रीइश्यू के कारण से संबंधित अन्य अतिरिक्त दस्तावेज ले जाएं।
  • जीवनसाथी का नाम जुड़वाने के लिए:- मैरिज सर्टिफिकेट (विवाह प्रमाण पत्र) या दोनों पति-पत्नी द्वारा हस्ताक्षरित ज्वॉइंट फोटो डिक्लेरेशन (एनेक्स्चर जे) प्रस्तुत करना होगा।
  • नाबालिग (माइनर) के लिए:- बच्चों के मामले में माता-पिता के नाम का एड्रेस प्रूफ मान्य होता है। यदि माता-पिता के पास पहले से पासपोर्ट हैं, तो उनके मूल पासपोर्ट और स्व-सत्यापित फोटोकॉपी ले जाना अनिवार्य है।

अपॉइंटमेंट के दिन सभी मूल (ओरिजिनल) दस्तावेजों के साथ उनकी एक सेट सेल्फ-अटेस्टेड फोटोकॉपी साथ ले जाना बिल्कुल न भूलें।

पासपोर्ट आवेदन की नई फीस संरचना

पासपोर्ट की फीस आवेदक की उम्र, बुकलेट के पन्नों (36 या 60 पेज), सेवा के प्रकार और प्रोसेसिंग स्कीम (नॉर्मल या तत्काल) पर निर्भर करती है। विदेश मंत्रालय (MEA) द्वारा जारी और 1 जुलाई से प्रभावी संशोधित शुल्क इस प्रकार हैं:-

वयस्क (18 वर्ष से अधिक) और 15-18 वर्ष के नाबालिग:-

  • फ्रेश पासपोर्ट/रीइश्यू (36 पेज): नॉर्मल फीस ₹2,500 | तत्काल फीस ₹5,000
  • फ्रेश पासपोर्ट/रीइश्यू (60 पेज): नॉर्मल फीस ₹3,500 | तत्काल फीस ₹6,000
  • खोया या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट (36 पेज): नॉर्मल फीस ₹5,000 | तत्काल फीस ₹7,500
  • खोया या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट (60 पेज): नॉर्मल फीस ₹6,000 | तत्काल फीस ₹8,500

नाबालिग (18 वर्ष से कम आयु के बच्चे):-

  • फ्रेश पासपोर्ट/रीइश्यू (36 पेज): नॉर्मल फीस ₹1,750 | तत्काल फीस ₹4,250
  • खोया या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट (36 पेज): नॉर्मल फीस ₹4,250 | तत्काल फीस ₹6,750

नॉर्मल और तत्काल दोनों श्रेणियों के लिए शुल्क अलग-अलग तय किए गए हैं, इसलिए आवेदन करते समय अपनी श्रेणी के अनुसार ही सही राशि का भुगतान करें। सही दस्तावेजों और पूरी तैयारी के साथ जाने पर आपका पासपोर्ट बिना किसी परेशानी के कम समय में बनकर तैयार हो जाता है।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article