भारतीय टी20 टीम के युवा ओपनर अभिषेक शर्मा ने भारत-वेस्टइंडीज चौथे टी20 मैच के दौरान एक ऐसे कीर्तिमान को छू लिया जो आज तक इस क्रिकेट फॉर्मेट में कोई भारतीय नहीं कर सका। उन्होंने टी20 में कौन सा नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है, यहां आपको बताते हैं।
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए चौथे टी20 मैच में टीम इंडिया ने हैदराबाद की पिच पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। लेकिन शायद पिच को पढ़ने में उनसे थोड़ी सी चूक हो गई।
वेस्टइंडीज की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और उसने धमाकेदार अंदाज में फिर से बैटिंग की और एक बार फिर उनके कप्तान शाई होप का बल्ला गरज उठा। शाई होप ने इस टी20 सीरीज का दूसरा शतक (नाबाद 102 रन) और भारत के इस दौरे पर चौथा शतक लगा दिया। उनकी इस पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 3 विकेट गंवाते हुए 247 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया।
भारतीय टी20 टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए संजू सैमसन की 56 रनों की पारी के बदौलत अच्छी शुरुआत की, लेकिन उसके बाद विकेटों की झड़ी लगती गई। तिलक वर्मा (43 रन) और नीतीष कुमार रेड्डी (41 रन) ने बीच में कुछ उम्मीदें जरूर जगाईं लेकिन इसका फायदा नहीं हुआ क्योंकि टॉप व मिडिल ऑर्डर के अन्य दिग्गज बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके। टीम इंडिया 19.3 ओवर में 223 रन पर ऑल-आउट हो गई और भारत ने मैच 24 रनों से गंवा दिया। जिसके साथ ही 5 मैचों की ये सीरीज अब 2-2 की बराबरी पर है।
बेशक अभिषेक शर्मा ने हैदराबाद टी20 मैच में वेस्टइंडीज के खिलाफ 24 गेंदों में सिर्फ 29 रनों की पारी खेली लेकिन इस छोटी सी पारी में लगाए गए उनके एक छक्के ने उनके नाम एक नया रिकॉर्ड दर्ज करा दिया है। अभिषेक अब एक कैलेंडर वर्ष में दुनिया में सबसे ज़्यादा टी20 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
अभिषेक ने इस मामले में पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अभिषेक और सूर्यकुमार यादव दोनों 68 छक्कों के साथ बराबरी पर थे, लेकिन चौथे मैच के नौवें ओवर में शमार स्प्रिंगर की गेंद पर छक्का जड़कर अभिषेक शर्मा ने पूर्व भारतीय कप्तान को पीछे छोड़ दिया और 2026 में अपने छक्कों की संख्या 69 तक पहुंचा दी।
एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के टॉप-5 बल्लेबाजों में अब शीर्ष पर हैं अभिषेक शर्मा (69 छक्के साल 2026 में), दूसरे नंबर पर सूर्यकुमार यादव (68 छक्के साल 2022 में), तीसरे नंबर पर भी अभिषेक शर्मा (54 छक्के साल 2025 में), चौथे नंबर पर ईशान किशन (52 छक्के साल 2026 में) और पांचवें नंबर पर हैं पाकिस्तान के नए टी20 कप्तान साहिबजादा फरहान जिन्होंने 2025 में 45 टी20 छक्के लगाए थे।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से ही अभिषेक शर्मा छक्के लगाने की मशीन बन गए हैं। T20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्होंने अब तक केवल 66 मैचों की 65 पारियों में खेलते हुए 142 छक्के लगा दिए हैं। वहीं, इस दौरान उनके बल्ले से 199 चौके भी निकले हैं। अभिषेक अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 194.26 के स्ट्राइक रेट से 14 अर्धशतक और 3 शतक अपने नाम करते हुए 2065 रन बना चुके हैं।