Pakistani prisoner: धारवाड़ जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी की भूख हड़ताल, 2006 में हुआ गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 12, 2022, 12:26 PM IST

Pakistani prisoner : इस पाकिस्तानी युवक का नाम मोहम्मद फहाद है और इसे साल 2006 में संदिग्ध आतंकवादी के रूप में गिरफ्तार किया गया। फहाद अपने मामले की सुनवाई तेज करने और धारवाड़ से बेंगलुरु जेल भेजे जाने की मांग को लेकर गत तीन मई से भूख हड़ताल पर चला गया। 

Pakistani prisoner: धारवाड़ जेल में बंद पाकिस्तानी कैदी की भूख हड़ताल, 2006 में हुआ गिरफ्तार

Dharwad jail : कर्नाटक के धारवाड़ जेल में बंद पाकिस्तानी युवक के भूख हड़ताल पर जाने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर युवक को अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है। इस पाकिस्तानी युवक का नाम मोहम्मद फहाद है और इसे साल 2006 में संदिग्ध आतंकवादी के रूप में गिरफ्तार किया गया। फहाद अपने मामले की सुनवाई तेज करने और धारवाड़ से बेंगलुरु जेल भेजे जाने की मांग को लेकर गत तीन मई से भूख हड़ताल पर चला गया। 

केआईएमएस अस्पताल में भर्ती
भूख हड़ताल पर जाने से उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने पर उसे हुबली के केआईएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक अब फहाद की हालत स्थिर है और उसने दो दिनों से भोजन करना शुरू कर दिया है। भूख हड़ताल पर जाने से उसका सूगर का स्तर नीचे आ गया था। साल 2006 में मैसूर पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि पाकिस्तानी आतंकवादी मैसूर में आतंकी घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे हैं। 

प्रतिबंधित आतंकी सगंठन अल बद्र का सदस्य है
इस केस की जांच करते हुए पुलिस ने फहाद को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक फहाद प्रतिबंधित आतंकी सगंठन अल बद्र का सदस्य है। वह फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारत में दाखिल हुआ था। फरवरी 2021 में उसे धारवाड़ जेल भेजा गया। आरोप है कि फहाद कुछ धमाकों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ बेंगलुरु के मडावला पुलिस स्टेशन में केस भी दर्ज है। धारवाड़ जेल में अन्य कैदियों के साथ झगड़े की वजह से उसे अलग सेल में रखा गया था। जेल के अधिकारियों ने उससे भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील की लेकिन उसने इसे अनसुना कर दिया। 

अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाई गई
धारवाड़ के जेल अधीक्षक एमए मोरीगौड़ा ने कहा कि पांच मई की शाम फहाद की तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद डॉक्टरों के सलाह पर उसे केआईएमएस अस्पताल में भर्ती किया गया। अस्पताल में सुरक्षा के बीच उसकी हालत में सुधार हो रहा है। 

End of Article