भारत के खिलाफ आतंकी साजिश, जम्‍मू कश्‍मीर, राजस्‍थान में NIA का छापा, मिले कई अहम सुराग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 19, 2022, 06:23 PM IST

NIA ने आतंकी साजिश के मामले में जम्‍मू कश्‍मीर और राजस्‍थान में कई स्‍थानों पर छापेमारी की है, जिस दौरान कई आपत्तिजनक दस्‍तावेज और डिज‍िटल उपकरण बरामद किए गए हैं।

भारत के खिलाफ आतंकी साजिश, जम्‍मू कश्‍मीर, राजस्‍थान में NIA का छापा, मिले कई अहम सुराग
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकी साजिश के मामले में शनिवार को जम्मू कश्मीर और राजस्थान में कई स्थानों पर छापा मारा। इस सिलसिले में 28 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। NIA ने जिन स्‍थानों पर आज छापेमारी की है, वहां से कई आपत्तिजनक दस्‍तावेज, डिजिटल उपकरण, सिम कार्ड और डिजिटल स्‍टोरेज डिवाइस बरादम किए गए हैं।

यह मामला प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों लश्कर-ए-तैयबा (LeT), जैश-ए-मोहम्मद (JeM), हिज्बुल मुजाहिदीन (HM) और अल बद्र तथा उनके सहयोगी संगठनों द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) और पीपल अगेंस्ट फासिस्ट फोर्सेज (PAFF) से जुड़े लोगों द्वारा जम्मू कश्मीर और राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के अन्‍य अन्य प्रमुख शहरों में आतंकी घटनाओं को अंजाम देने की साजिश से संबंधित है।

जम्‍मू कश्‍मीर, राजस्‍थान में छापेमारी

NIA इस मामले की जांच कर रही है और इसी सिलसिले में जांच एजेंसी ने जम्‍मू कश्‍मीर तथा राजस्‍थान में आठ स्‍थानों पर छापेमारी की। जम्‍मू कश्‍मीर में NIA ने सोपोर, कुपवाड़ा, शोपियां, राजौरी, बडगाम और गांदेरबल में छापा मारा, जबकि राजस्थान के जोधपुर जिले में छापेमारी की। कुल आठ स्‍थानों पर छापेमारी व तलाशी अभियान चलाया गया। NIA की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजिटल उपकरण, सिम कार्ड और डिजिटल स्टोरेज डिवाइस जब्त किए गए हैं।

जांच एजेंसी ने शुक्रवार को सूचना लीक को लेकर अपने ही एक पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार किया था। पूर्व अधिकारी पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक सदस्य को गोपनीय दस्तावेज लीक करने का आरोप है। यह मामला भारत में आतंकी गतिविधियों की साजिश और ऐसी वारदातों को अंजाम देने में मदद करने के लिए प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के नेटवर्क के प्रसार से संबंधित है।

End of Article