Corona Crisis: कोरोना से जंग में ढिलाई नहीं, सरकार ने 31 जनवरी तक बढ़ाई गाइडलाइन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 28, 2020, 07:42 PM IST

गृह मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि देश में पिछले दिनों में कोरोना के एक्टिव केस एवं नए मामलों में लगातार कमी आई है फिर भी दुनिया में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी रखने की जरूरत है।

Corona Crisis: कोरोना से जंग में ढिलाई नहीं, सरकार ने 31 जनवरी तक बढ़ाई गाइडलाइन
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : देश में कोरोना की स्थिति और कोरोना के नए प्रकार की आहट को देखते हुए गृह मंत्रालय ने अपनी पिछली गाइडलाइन 31 जनवरी 2021 तक के लिए बढ़ा दी है। मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि देश में पिछले दिनों में कोरोना के एक्टिव केस एवं नए मामलों में लगातार कमी आई है फिर भी दुनिया में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों एवं इसके नए प्रकार को देखते हुए निगरानी, रोकथाम एवं सावधानी लगातार बरतने की जरूरत है। गाइडलाइन में कंटेनमेंट जोन पर विशेष निगरानी रखने की बात कही गई है।

कंटेनमेंट जोन में बरती जाएगी सख्ती
देश में कंटेनमेंट जोन पहले की तरह चिन्हित किए जाते रहेंगे और इन इलाकों में  संक्रमण रोकथाम के उपायों को सख्ती से लागू किया जाता रहेगा। साथ ही कोविड के उचित व्यवहार को तत्परता एवं सख्ती से लागू  किया जाएगा और मानक अभियान प्रक्रिया (एसओपी) में लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को 25-11-2020 को जारी गाइडलाइन को सख्ती से लागू करने की जरूरत है।

कंटेनमेंट जोन में केवल जरूरी सेवाओं की इजाजत
गत 25 नवंबर को जारी गाइडलाइन में सरकार ने कहा था कि सभी कंटेनमेंट जोन में केवल जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी। इन इलाकों में कोविड-19 के प्रोटोकॉल, दिशानिर्देशों एवं एसओपी का सख्ती से पालन कराने की जिम्मेदारी स्थानीय जिला, पुलिस एवं नगर निगमों की होगी।

ब्रिटेन में मिला है कोरोना का नया प्रकार
भारत में एक दिन में कोविड-19 के 20,021 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर सोमवार को 1,02,07,871 हो गए, जिनमें से 97.82 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। ब्रिटेन में कोरोना का नए प्रकार सामने आने के बाद सरकार ने अपनी निगरानी बढ़ा दी है। सरकार ने 31 दिसंबर तक ब्रिटेन से होने वाली अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। दिल्ली और मुंबई एयरपोर्ट पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।  

End of Article