'चार चरणों के चुनाव में ही TMC साफ हो गई है', वर्धमान की रैली में PM मोदी का ममता पर वार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 12, 2021, 01:22 PM IST

West Bengal assembly elections 2021 : पीएम मोदी ने कहा, 'चुनाव का एक-एक दिन जैसे-जैसे बीत रहा है, ममता दीदी नाराज होती जा रही है। मैं आपको बताता हूं। ऐसा इसलिए है क्योंकि जिन सीटों पर चुनाव हो चुका है।

'चार चरणों के चुनाव में ही TMC साफ हो गई है', वर्धमान की रैली में PM मोदी का ममता पर वार

बर्धमान (पश्चिम बंगाल) : बंगाल के बर्धमान जिले में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को टीएमसी प्रमुख एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चार चरणों का चुनाव बीत चुका है और इन चरणों में 'टीएमसी साफ' हो गई है। पीएम ने कहा कि 'ममता अपने नारे 'मा, माटी, मानुष को भूल गई हैं और अपने चुनावी सभा में केवल मोदी, मोदी, मोदी का नाम ले रही हैं।' पीएम ने कहा, 'चुनाव का एक-एक दिन जैसे-जैसे बीत रहा है, ममता दीदी नाराज होती जा रही है। मैं आपको बताता हूं। ऐसा इसलिए है क्योंकि जिन सीटों पर चुनाव हो चुका है वहां पर लोगों ने टीएमसी को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। वह नंदीग्राम सीट से भी क्लिन बोल्ड हो गई हैं।'

'दीदी ने बंगालियों का अपमान किया'
प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि ममता बनर्जी अपनी टीम के नए कप्तान को लेकर परेशान हैं। उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल के लोग बहुत समझदार हैं, वे दीदी का खेला समझ गए।' पीएम ने ममता पर आरोप लगाते हुए कहा कि 'दीदी ने चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों पर हमले करने के लिए कहा, ऐसा करके उन्होंने बंगालियों का अपमान किया। दीदी, आप यदि नाराज हैं तो मेरी आलोचना करें लेकिन अपने आचरण से बंगाली लोगों का अपमान न करें।'

कूच बिहार हिंसा में 4 की मौत
दरअसल, चौथे चरण के तहत कूच बिहार में मतदान के दौरान केंद्रीय बलों के साथ हुई झड़प में चार लोगों की मौत हो गई। आरोप है कि स्थानीय लोगों ने सुरक्षाबलों पर हमला किया और उनसे हथियार छीनने की कोशिश की। 

पीएम ने शोभा मजमूदार का जिक्र किया
पीएम ने कहा, 'दो दिन पहले बंगाल में चुनाव ड्यूटी पर आने वाले पुलिस अधिकारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। अपने बटे के शव को देखने के बाद जवान की माता का भी निधन गया। दीदी, इस अधिकारी की माता क्या आपके लिए माता नहीं थीं? बंगाल की किसी भी माता को यह पता नहीं होगा कि आप इतनी निर्दयी और निर्मम हैं। इस चुनाव के दौरान हमने शोभा मजमूदार को भी खो दिया। टीएमसी के गुंडों ने उन्हें जिस तरह से पीटा, उसकी तस्वीर हम कभी नहीं भूल सकते।'

End of Article