बंगाल को दंगों की आग में झोंकना चाहती है BJP, किया जा रहा बदनाम: ममता बनर्जी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 28, 2020, 04:52 PM IST

Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि BJP बंगाल को दंगों के जरिए आग में झोंकने का प्रयास कर रही है। बंगाल को बदनाम किया जा रहा है।

बंगाल को दंगों की आग में झोंकना चाहती है BJP, किया जा रहा बदनाम: ममता बनर्जी
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) का बड़ा आरोप लगाते हुए है कि बंगाल को दंगों की आग में झोंकने का प्रयास किया जा रहा है। ममता ने कहा, 'वे (भाजपा) दंगों के जरिए बंगाल को आग में झोंकना चाहते हैं। भाजपा जेएनयू जैसे विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों को तोड़ने की कोशिश कर रही है। बंगाल को बदनाम किया जा रहा है। गांधीजी दंगों के दौरान शांति लाने के लिए बेलियाघाट आए थे।'

उन्होंने कहा कि मुझे राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जाता है। चाहे  अभिजीत बनर्जी हों या अमर्त्य सेन उनका समाज में एक अलग स्थान है। हमारे शिक्षाविदों को निशाना बनाया जा रहा है। केंद्र सरकार के खिलाफ विचार रखने के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन को निशाना बनाया गया। अब वे अलग-थलग महसूस कर रहे हैं। इन सभी वर्षों में उन्होंने (भाजपा) नेताजी पर कुछ नहीं कहा। अब वे उनके बारे में बात कर रहे हैं।

अमर्त्य सेन का निशाना बनाया गया: बनर्जी

मुख्यमंत्री ने पिछले सप्ताह अमर्त्य सेन को पत्र लिखकर उनकी पारिवारिक संपत्ति से जुड़े हालिया विवाद को लेकर दुख जताया था। केंद्रीय विश्वविद्यालय विश्वभारती ने पिछले दिनों कहा था कि सेन के परिवार ने 'अवैध' तरीके से कैंपस में जमीन पर कब्जा कर रखा है। बनर्जी ने कहा, 'केंद्र सरकार के खिलाफ विचार रखने के लिए अमर्त्य सेन को निशाना बनाया जा रहा है। यह बिल्कुल अस्वीकार्य है। राजनीतिक विचार रखने के लिए जिस तरह मुझ पर निशाना साधा जा रहा है, उसी तरह उनपर भी हमले किए जा रहे हैं।' 

इसके अलावा आंदोलन कर रहे किसानों का समर्थन करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि हम किसानों के साथ हैं। हम मांग करते हैं कि तीनों कड़े कृषि कानूनों को वापस लिया जाए।

End of Article