Maharashtra Rajya Sabha Election: शिवसेना के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को बड़ा झटका, संजय राउत बोले- चुनाव आयोग ने बीजेपी का लिया पक्ष

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 11, 2022, 08:01 AM IST

Maharashtra Rajya Sabha Election: महाराष्ट्र की 6 सीटों में से बीजेपी ने 3 सीटें जीती हैं। वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी ने एक-एक सीट जीती। शिवसेना के संजय पवार चुनाव हार गए हैं।

Maharashtra Rajya Sabha Election: शिवसेना के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन को बड़ा झटका, संजय राउत बोले- चुनाव आयोग ने बीजेपी का लिया पक्ष
Photo Credit: ANI

Maharashtra Rajya Sabha Election: महाराष्ट्र में राज्यसभा चुनाव में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ गठबंधन को बड़ा झटका लगा है। बीजेपी ने जहां राज्यसभा की छह सीटों में से तीन पर जीत हासिल की, वहीं गठबंधन भी 3 सीट जीतने पर कामयाब रहा। सत्तारूढ़ गठबंधन ने मतगणना में आठ घंटे की देरी पर सवाल उठाया है। बीजेपी की ओर से केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, राज्य के पूर्व मंत्री अनिल बोंडे और धनंजय महादिक शामिल हैं। 

इस चुनाव में शिवसेना के संजय राउत, एनसीपी के प्रफुल्ल पटेल और कांग्रेस के इमरान प्रतापगढ़ी ने भी जीत हासिल की। 284 वैध मतों में से पीयूष गोयल को 48, बोंडे को 48, महादिक को 41, राउत को 41, प्रतापगढ़ी को 44 और पटेल को 43 वोट मिले। महाराष्ट्र में मुकाबला छठी सीट के लिए था। छठी सीट के लिए बीजेपी ने जहां पूर्व सांसद धनंजय महादिक को चुनाव मैदान में उतारा था, तो वहीं शिवसेना के उम्मीदवार संजय पवार थे, जो हार गए थे। महादिक और पवार पश्चिमी महाराष्ट्र के कोल्हापुर के रहने वाले हैं।

शिवसेना के संजय पवार को राज्यसभा चुनाव में मिली हार

चुनाव आयोग ने बीजेपी का पक्ष लिया- संजय राउत

वहीं राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद शिवसेना के संजय राउत ने कहा कि चुनाव आयोग ने हमारे एक वोट को अमान्य कर दिया। हमने दो वोटों का विरोध किया, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। चुनाव आयोग ने बीजेपी का पक्ष लिया। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर कहा कि चुनाव सिर्फ लड़ाई के लिए नहीं बल्कि जीत के लिए लड़ा जाता है। जय महाराष्ट्र। 

बीजेपी और सत्तारूढ़ गठबंधन द्वारा क्रॉस वोटिंग और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों के बीच आठ घंटे की देरी के बाद मतगणना शुरू हुई। बीजेपी और शिवसेना दोनों ने क्रॉस वोटिंग का आरोप लगाते हुए और वोटों को अयोग्य ठहराने की मांग करते हुए चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाया। पोल पैनल ने महाराष्ट्र के राज्यसभा चुनाव रिटर्निंग ऑफिसर को शिवसेना विधायक सुहास कांडे द्वारा डाले गए वोट को खारिज करने का निर्देश दिया, जिसके बाद सुबह 1 बजे के बाद मतगणना शुरू हुई।

End of Article