Dilip Walse Patil: दिलीप वालसे पाटिल होंगे महाराष्ट्र के गृह मंत्री, पवार के PA रह चुके, जानें उनके बारे में

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 5, 2021, 08:55 PM IST

Dilip Walse Patil: एनसीपी के दिलीप वालसे पाटिल महाराष्ट्र के नए गृह मंत्री होंगे। वो अनिल देशमुख की जगह लेंगे, जिन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद पद से इस्तीफा दे दिया है।

Dilip Walse Patil: दिलीप वालसे पाटिल होंगे महाराष्ट्र के गृह मंत्री, पवार के PA रह चुके, जानें उनके बारे में

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। बॉम्बे हाई कोर्ट ने मुंबई के पूर्व (रिपीट) पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार और कदाचार के आरोपों पर सीबीआई को 15 दिनों के अंदर एक आरंभिक जांच पूरी करने का निर्देश दिया था। इसी के बाद देशमुख ने अपना इस्तीफा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को सौंप दिया। अब एनसीपी के ही दिलीप वालसे पाटिल महाराष्ट्र के नए गृह मंत्री होंगे।

सीएम उद्धव ठाकरे ने अनिल देशमुख का इस्तीफा राज्यपाल को भेज दिया है और यह भी बताया कि दिलीप वालसे पाटिल के पास अब गृह विभाग का प्रभार होगा। राज्यपाल ने भी देशमुख का इस्तीफे को मंजूरी दे दी है और वालसे की नियुक्ति को भी मंजूरी दी गई है। दिलीप वालसे पाटिल के श्रम विभाग का प्रभार हसन मुश्रीफ को दिया जा रहा है और अतिरिक्त आबकारी विभाग की देखरेख डिप्टी सीएम अजीत पवार करेंगे। 

कौन हैं दिलीप वालसे पाटिल?

दिलीप वालसे पाटिल एक अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं। उन्हें शरद पवार का करीबी माना जाता है। पूर्व कांग्रेस विधायक और शरद पवार के दोस्त दत्तात्रय वालसे पाटिल के पुत्र, दिलीप ने अपने करियर की शुरुआत शरद पवार के निजी सहायक (PA) के रूप में की। 1990 में उन्होंने अंबेगांव विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर अपना पहला चुनाव लड़ा और जीता। तब से ये सीट उनके पास है। वो 6 बार विधायक रहे हैं। 

दिलीप पूर्व में वित्त और योजना मंत्रालय, ऊर्जा मंत्रालय, उच्च और तकनीकी शिक्षा मंत्रालय और चिकित्सा शिक्षा मंत्रालय संभाला। वो 1999 से 2009 तक कैबिनेट मंत्री रहे। 2009 और 2014 के बीच वो महाराष्ट्र विधानसभा में स्पीकर भी रहे। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!