Maharashtra Crisis: जलगांव में शिंदे समर्थकों ने फूंका संजय राउत का पुतला, उद्धव के खिलाफ की नारेबाजी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 27, 2022, 11:50 AM IST

शिवसेना इन दिनों अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही है। विधायकों की बगावत के बाद पार्टी में दोफाड़ की स्थिति हो गई है। इस बीच संजय राउत के बयानों का सिलसिला जारी है।

Maharashtra Crisis: जलगांव में शिंदे समर्थकों ने फूंका संजय राउत का पुतला, उद्धव के खिलाफ की नारेबाजी

मुंबई: शिवसेना में चले रहे महासंकट के बीच संजय राउत बागियों को लेकर लगातार तीखे बयान दे रहे हैं। राउत ने कई मर्यादाओं को ताक पर रखकर ऐसे बयान दिए हैं जिससे शिंदे समर्थक भड़क उठे हैं। आज महाराष्ट्र के जलगांव में शिंदे समर्थक विधायक गुलाबराव पाटिल के सपोर्टर सड़क पर उतर आए और उन्होंने संजय राउत के खिलाफ न केवल नारेबाजी की बल्कि उनका पुतला भी जलाया और इसे जूते चप्पल से भी पीटा। 

संजय राउत दे रहे हैं तीखे बयान

दरअसल विधायकों की बगावत के बाद शिवसेना सांसद और प्रवक्ता संजय राउत विधायकों पर तीखे हमले ही नहीं कर रहे हैं बल्कि उन्हें धमकी तक दे रहे हैं। कल ही राउत ने ट्वीट करते हुए कहा था कि आखिर कब तक वे (विधायक) असम के गुवाहाटी में ‘छिपे’ रहेंगे, आखिरकार उन्हें ‘चौपाटी’ (मुंबई के संदर्भ में) आना ही होगा। राउत ने शनिवार को दावा किया कि एकनाथ शिंदे के खेमे में गये महाराष्ट्र के बागी मंत्री  24 घंटे में अपना पद गंवा देंगे।

जहर उगल रहे हैं राउत

मुंबई के दहिसर में शिवेसना कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के दौरान शिंदे समर्थक विधायकों पर निशाना साधते हुए संजय राउत ने कहा, 'हमने सबक सीख लिया है कि किस पर भरोसा किया जाना चाहिए। वे ऐसे शरीर हैं, जिनकी आत्मा मर चुकी है। उनका मस्तिष्क मर चुका है। 40 शव असम से आएंगे और पोस्टमॉर्टम के लिए सीधे मुर्दाघर भेजे जाएंगे। जब ये 40 लोग यहां से बाहर निकलेंगे, तो उनका दिल जिंदा नहीं होगा। उन्हें पता है कि यहां जो आग लगी है उसका क्या अंजाम हो सकता है।'

इससे पहले बागियों पर हमला करतेह हुए संजय राउत ने कहा लोग उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर भरोसा रखेंगे। कल उद्धव जी ने कहा कि जो लोग बाहर गए हैं वो शिवसेना नाम का इस्तेमाल ना करें और अपने बाप के नाम का इस्तेमाल करें और वोट मांगें।

End of Article