पाकिस्तान से बात के सिवाय नहीं और कोई चारा- कश्मीर मसले पर बोलीं PDP चीफ महबूबा मुफ्ती

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 18, 2022, 09:19 AM IST

जम्मू और कश्मीर के दिवंगत नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी महबूबा ने चार अप्रैल 2016 से 19 जून 2018 तक एक राज्य के रूप में जम्मू और कश्मीर के अंतिम मुख्यमंत्री के रूप में काम किया था।

पाकिस्तान से बात के सिवाय नहीं और कोई चारा- कश्मीर मसले पर बोलीं PDP चीफ महबूबा मुफ्ती
Photo Credit: BCCL

जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री और पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि कश्मीर मसला हल करने और रक्तपात रोकने के लिए पाकिस्तान और अन्य के साथ बातचीत करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। 

पत्रकारों से उन्होंने कहा, "दोनों तरह से बातचीत शुरू करने की जरूरत है। अगर हम कहते हैं कि आतंकवाद पाकिस्तान प्रायोजित है तो उसके लिए भी पाक के साथ बातचीत करनी होगी जैसे (पूर्व पीएम अटल बिहारी) वाजपेयी ने किया था और आतंकवाद कम हो गया था। घुसपैठ कम हो गई थी।" 

उन्होंने जोर देकर कहा- वहां "हर हितधारक से बात करना" और इस मुद्दे का हल तलाशना जरूरी है, ताकि लोग (चाहे वह बिहार का सैनिक हो, सीआरपीएफ का जवान हो या एएसआई मुश्ताक अहमद (जम्मू-कश्मीर पुलिस का) या आम आदमी हो या मुस्लिम (मुनीर) जो हिरासत में मारा गया) जान न गंवाएं।

मुफ्ती का पाकिस्तान से वार्ता करने से जुड़ा यह बयान ऐसे वक्त पर आया है, जब पुलवामा इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान की गोली लगने से जान चली गई। 

दरअसल, रविवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के गंगू में आतंकवादियों ने जवानों पर गोलीबारी कर दी थी, जिसमें सीआरपीएफ के एक सहायक उप-निरीक्षक शहीद हो गए थे। हमले के बाद पुलिस दल मौके पर पहुंच गया था और हमलावरों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया था।

इस बीच, सोमवार (18 जुलाई, 2022) को श्रीनगर में सीआरपीएफ जवानों ने दिवंगत सीआरपीएफ एएसआई विनोद कुमार को श्रद्धांजलि दी। श्रीनगर में सीआरपीएफ विशेष महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने बताया, "एक दुखद घटना में सीआरपीएफ के ASI विनोद कुमार शहीद हुए हैं, हमारा पूरा प्रयास रहेगा कि जिनके द्वारा ये घटना की गई है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।" 

End of Article