Jharkhand: पूर्व BJP नेता सीमा पात्रा गिरफ्तार, आदिवासी लड़की के साथ की थी क्रूरता; बेटे ने ही खोला था राज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 31, 2022, 05:07 PM IST

Jharkhand Seema Patra: पूर्व बीजेपी नेता सीमा पात्रा एक पूर्व आईएएस की पत्नी हैं। आदिवासी महिला के साथ जैसे ही क्रूरता का मामला सामने आया, भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया।

Jharkhand: पूर्व BJP नेता सीमा पात्रा गिरफ्तार, आदिवासी लड़की के साथ की थी क्रूरता; बेटे ने ही खोला था राज
Photo Credit: Facebook

Jharkhand Seema Patra: एक आदिवासी महिला के साथ क्रूरता करने के आरोप में बीजेपी की निलंबित नेता सीमा पात्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। सीमा पात्रा पर आरोप है कि उन्होंने अपनी ही नौकरानी के साथ मारपीट की है। इस मामले में राज्यपाल रमेश बैस ने भी पुलिस से रिपोर्ट मांगी थी। सीमा पात्रा भाजपा की महिला विंग की राष्ट्रीय कार्यसमिति की सदस्य थीं। उनके पति महेश्वर पात्रा एक सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं। 

वीडियो हुआ था वायरल

पीड़ित आदिवासी महिला सुनीता पिछले आठ साल से सीमा के घर में काम करती थी। पुलिस ने जब महिला को उसके घर से छुड़ाया तो उसकी हालत काफी खराब थी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं से एक वीडियो सुनीता का वायरल हुआ, जिसमें वो अपने साथ हुई दरिंदगी को बयां करती दिख रही है। आदिवासी महिला ने आरोप लगाया कि सीमा पात्रा अक्सर लोहे की छड़ और डंडे से उसे पीटा करती थी। अधिक गुस्सा हो जाने पर गर्म चिमटे और छोलनी से दागा करती थी। उसे सीमा ने दो साल से घर में कैद रखा था। कमरे में शौच हो जाने पर मुंह से साफ करवाती थी। पिटाई के कारण उसके कई दांत टूट गए हैं।

बेटे ने ही खोला राज 

पीड़ित सुनीता का मदद सीमा पात्रा के बेटे ने ही की थी। सुनीता के साथ क्रूरता जब उसे बर्दाश्त नहीं हुआ तो उसने अपने एक दोस्त से मदद मांगी, उसी दोस्त ने झारखंड पुलिस को जानकारी दी और सुनीता को वहां से रस्क्यू कराया। 

राज्यपाल भी एक्शन में

इस मामले को लेकर जैसे ही हंगामा मचा बीजेपी ने सीमा को संस्पेंड कर दिया। इसके बाद कार्रवाई नहीं करने पर राज्यपाल ने भी पुलिस से रिपोर्ट मांग ली थी। राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि रमेश बैस ने सुनीता को प्रताड़ित किए जाने की खबर का संज्ञान लिया है। बयान के मुताबिक- "राज्यपाल ने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक से पूछा है कि पुलिस द्वारा अब तक दोषी व्यक्तियों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई है। राज्यपाल ने पुलिस की ढिलाई पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की है।"

इसके बाद बुधवार को सुबह सीमा पात्रा को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

End of Article