J-K: सेना ने कुपवाड़ा में लगवाया जॉब फेयर, कराई करियर काउंसलिंग, 9 को मिली नौकरी

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 30, 2020, 09:56 PM IST

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में भारतीय सेना ने बेरोजगार युवाओं के लिए जॉब फेयर और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित करवाया। इस पहल से 9 युवाओं को नौकरी भी मिली।

J-K: सेना ने कुपवाड़ा में लगवाया जॉब फेयर, कराई करियर काउंसलिंग, 9 को मिली नौकरी
Photo Credit: ANI

नई दिल्ली: भारतीय सेना ने उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में गुर्जरपट्टी लोलाब घाटी के शिक्षित बेरोजगार युवकों के लिए जॉब फेयर और करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया। विशेषज्ञों ने लोलाब के इन युवाओं के साथ गहन चर्चा की और उन्हें सम्मान के साथ शांतिपूर्ण जीवन का महत्व समझाया।

इन युवाओं के लिए सम्मानजनक नौकरी पाने के लिए भारतीय सेना द्वारा विभिन्न कौशल विकास केंद्रों, गैर सरकारी संगठनों और नागरिक एजेंसियों के साथ अधिक संपर्क किया गया। इस आयोजन की अध्यक्षता सीओ 28 आरआर कर्नल राज कुमार महाजन ने की और इसमें लोलाब घाटी के नागरिकों ने भाग लिया।

अच्छी बात यह है कि एजेंसियों द्वारा 9 लड़कों को नौकरी के प्रस्ताव दिए गए। उन्हें कश्मीर घाटी में होटल उद्योग, पेट्रोलियम और पर्यटन उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में रखा जाएगा। महाजन ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया, 'घाटी में शांति कायम करने के लिए हमने नौ युवाओं को होटल उद्योग, पेट्रोल पंप, सूती उद्योग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी दी है। इससे उन्हें अपने परिवार के साथ एक अच्छा जीवन जीने में मदद मिलेगी।'

नौकरी पाने वाले युवाओं के परिवारों ने धन्यवाद दिया गया और भारतीय सेना के प्रयासों की प्रशंसा की। सरपंचों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी इस कार्यक्रम में शिरकत की और भारतीय सेना द्वारा की गई पहल की सराहना की और उनसे और भी इस तरह के आयोजन करने का अनुरोध किया।

एक लाभार्थी शब्बीर अहमद ने कहा, 'हम बहुत आभारी हैं कि उन्होंने हमें एक अच्छा अवसर दिया है। हम एक ऐसे परिवार से हैं जो उन चीजों को वहन नहीं कर सकता है जो उन्होंने हमें प्रदान की हैं। यह नौकरी का अवसर हमारे परिवार को आगे बढ़ने में मदद करेगा।'

खुर्शीद मलिक, सदस्य ब्लॉक विकास परिषद, सोगम लोलब ने पहल के लिए भारतीय सेना को धन्यवाद दिया। मलिक ने कहा, 'यह वास्तव में एक अच्छी पहल है। उन्होंने हमेशा हमारा समर्थन किया है और युवाओं को एक अच्छा जीवन जीने का अवसर दिया है। मैं बहुत आभारी हूं।'

End of Article