देशभर में फिर एक दिन में पार हुआ कोविड का 1 लाख का आंकड़ा, नए मामलों ने बढ़ाई चिंता

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 7, 2022, 09:47 AM IST

देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में एक बार फिर 1 लाख से अधिक केस दर्ज किए गए हैं। बढ़ते मामलों ने एक बार फिर चिंता बढ़ाई है, जब दूसरी महामारी के दौरान 1 लाख से अधिक केस रोजाना दर्ज किए जा रहे थे।

देशभर में फिर एक दिन में पार हुआ कोविड का 1 लाख का आंकड़ा, नए मामलों ने बढ़ाई चिंता
Photo Credit: PTI

नई दिल्‍ली : देशभर में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में शुक्रवार को एक बार फिर बड़ा उछाल देखा गया, जब यहां संक्रमण के 1 लाख से अधिक मामले दर्ज किए गए। इससे पहले कोविड की दूसरी लहर के दौरान ऐसा देखने को मिला था, जब एक दिन में कोविड के 1 लाख से अधिक केस दर्ज किए जा रहे थे। बढ़ते मामलों ने एक बार फिर कोविड महामरी को लेकर चिंता बढ़ाई है, जिसकी वजह से बीते 24 घंटों के दौरान देशभर में 302 मरीज जान गंवा चुके हैं।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान यहां कोरोना वायरस संक्रमण के 1,17,100 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 302 मरीजों ने इस घातक संक्रामक रोग से जान गंवाई है। इसके साथ ही देशभर में कोविड महामारी से जान गंवाने वालों की संख्‍या बढ़कर 4,83,178 हो गई है।

देश में बढ़ते कोविड केस के बीच पॉजिटिविटी रेट और एक्टिव केस में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिसका आंकड़ा अब तीन लाख को पार कर चुका है। बीते 24 घंटों के दौरान 30,836 लोग इस बीमारी से उबरने में कामयाब रहे, जबकि देश में अब कोविड-19 के कुल एक्टिव केस 3,71,363 हो गए हैं। वहीं, दैनिक पॉजिटिविटी रेट बढ़कर यहां 7.74 फीसदी हो गई है।

देश में बढ़ते कोविड केस लिए कोरोना वायरस के वैरिएंट ओमिक्रोन को जिम्‍मेदार ठहराया जा रहा है, जिसके 3,000 से अधिक केस अब तक सामने आ चुके हैं। देश के 27 राज्‍यों व केंद्र शासित प्रदेशों में अब तक ओमिक्रोन के मामलों की पुष्टि हो चुकी है। स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देशभर में अब तक ओमिक्रोन के 3,007 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से 1,199 लोग इससे उबरने में कामयाब रहे।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!