QRSAM: दुश्मन को खोजकर मारने की क्षमता...स्वदेशी मिसाइल सिस्टम का DRDO ने किया सफल परीक्षण

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 8, 2022, 10:55 PM IST

इस मिसाइल सिस्टम को एक मोबाइल लॉन्चर से लॉन्च किया जाता है। जो फायरिंग के तुरंत पर बाद अपनी जगह बदल लेता है, जिससे दुश्मन इसे आसानी से पकड़ नहीं पाते हैं।

QRSAM: दुश्मन को खोजकर मारने की क्षमता...स्वदेशी मिसाइल सिस्टम का DRDO ने किया सफल परीक्षण
Photo Credit: PTI

भारत ने रक्षा के क्षेत्र में एक और अहम पड़ाव को सफलतापूर्वक पार कर लिया है। भारतीय रक्षा अनुसंधान संस्थान (DRDO) ने अपने एक नए टेस्ट में सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल सिस्टम (QRSAM) का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। यह मिसाइल सिस्टम हर मानकों पर खरा उतरा है।

मिली जानकारी के अनुसार इस टेस्ट को डीआरडीओ और भारतीय सेना ने मिलकर किया था। इस मिसाइल सिस्टम को ओडिशा में स्थित चांदीपुर एकीकृत परीक्षण रेंज (ITR) से लॉन्च किया गया था। इस दौरान सतह से हवा में मार करने वाली त्वरित प्रतिक्रिया मिसाइल (QRSAM) सिस्टम के 6 फायर किए गए। जिसमें यह मिसाइल पूरी तरह से सफल रही है।

परीक्षण के बाद डीआरडीओ ने कहा- "हाई स्पीड वाले हवाई लक्ष्यों के खिलाफ परीक्षण किए गए थे। इसमें लंबी दूरी की मध्यम ऊंचाई, कम दूरी की उच्च ऊंचाई, युद्धाभ्यास लक्ष्य और दो मिसाइलों के साथ सैल्वो लॉन्च शामिल था।"

इसके साथ ही मिसाइल सिस्टम को दिन और रात दोनों ही समयों में लॉन्च करने का टेस्ट भी किया गया। जिसमें यह सफल रहा। डीआरडीओ ने कहा कि परीक्षण सफल रहे और मिशन के सभी उद्देश्यों को पूरा किया गया। 

डीआरडीओ और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इस मिसाइल सिस्टम का परीक्षण किया गया। इस टेस्ट में स्वदेशी आरएफ, मोबाइल लांचर, पूरी तरह से स्वचालित कमांड और नियंत्रण प्रणाली, निगरानी और बहु-कार्य रडार के साथ मिसाइल को लॉन्च किया गया था। 

बता दें कि यह मिसाइल सिस्टम दुश्मन और हथियारों दोनों को खोजकर मारने की क्षमता रखता है। इसमें लगे स्वदेशी उपकरण इसे एक अलग ही पहचान देते हैं। जिस मोबाइल लॉन्चर से इसे लॉन्च किया जाता है, वो फायर करने के बाद अपनी जगह को तुरंत बदलने की भी क्षमता रखता है, जिससे दुश्मन के रडार इसे आसानी से पकड़ नहीं पाते हैं।

End of Article