Pankaja Munde News: महाराष्ट्र में एक लंबी जद्दोजेहद के बाद आखिरकार कैबिनेट का गठन हो गया है। नई कैबिनेट में बीजेपी और शिवसेना कोटे (शिंदे गुट) से 9- 9 विधायकों को जगह मिली है। नए मंत्रिमंडल में पूर्व मंत्री पंकजा मुंडे को जगह नहीं मिली है। कैबिनेट में जगह नहीं मिलने पर पंकजा मुंडे का दर्द भी छलका है। इस बारे में जब उनसे सवाल किया गया तो पंकजा मुंडे ने कहा शायद मुझमें पर्याप्त योग्यता नहीं है जिस वजह से मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला।
मुझमें शायद योग्यता नहीं- मुंडे
दरअसल महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में विस्तार के तहत पिछले हफ्ते ही मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना धड़े के नौ मंत्रियों और उनके भाजपा सहयोगियों के नौ नेताओं ने शपथ ग्रहण की थी। इस मंत्रिमंडल में कोई भी महिला सदस्य नहीं है जिस वजह से शिंदे सरकार की खूब आलोचना भी हो रही है। मीडिया ने जब पंकजा से सवाल किया कि उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल नहीं किया गया है तो पंकजा ने कहा, 'शामिल किए जाने के लिए मुझमें शायद पर्याप्त योग्यता नहीं है। उनके अनुसार जो योग्य होगा, उसे मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। इस पर मेरा कोई रुख नहीं है। मैं अपने सम्मान को बनाए रखते हुए राजनीति करने की कोशिश करती हूं।'
विधानसभा चुनाव हार गईं थी पंकजा
मुंडे की इस नाराजगी के बाद उनके समर्थक प्रदर्शन कर सकते हैं और महाराष्ट्र की सियासत फिर गरमा सकती है। पंकजा ने नई मंत्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, 'मैं आशा करती हूं कि नए मंत्री लोगों के विश्वास पर खरे उतरेंगे। जब उन्हें लगेगा कि अब मैं योग्य हूं तो वे जरूर मंत्री बनाएंगे।' आपको बता दें कि पंकजा मुंडे परली से विधानसभा का चुनाव हार गई थीं जिसके बाद उन्हें विधान परिषद भेजे जाने की उम्मीद थी लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ।

