नई दिल्ली: देश में मौजूदा खतरों से निपटने और उभरती सुरक्षा चुनौतियों की समीक्षा के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने आज एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। गृह मंत्रालय के मुताबिक बैठक में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों, सीएपीएफ, सशस्त्र बलों के खुफिया विंग, राजस्व और वित्तीय खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों ने भाग लिया। राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के डीजीपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए।
इनकी हुई समीक्षा
गृह मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान बैठक में आतंकवाद और वैश्विक आतंकी समूहों, नार्को-आतंकवाद, संगठित अपराध-आतंकवादी गठजोड़, साइबर स्पेस के अवैध उपयोग के निरंतर खतरों पर प्रकाश डालते हुए, गृह मंत्री ने सुरक्षा चुनौतियों का मुकाबला करने में केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया। होम मिनिस्ट्री के मुताबिक, शाह ने देश में मौजूदा खतरे के परिदृश्य और उभरती सुरक्षा चुनौतियों की समीक्षा की।

