देश

टाइगर श्रॉफ पर हमला : 3 शूटर, 7 राउंड फायरिंग, चश्मदीद ने घटना के बारे में क्या-क्या बताया

एक शूटर बाइक पर ही मौजूद रहा जबकि दो ने कार पर फायरिंग की। फायरिंग करने के बाद दोनों हमलावर अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर सवार होकर तेजी से वहां से निकल गए। टाइगर की कार पर सात राउंड गोली चलाने की बात सामने आई है।

Image

एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई है फायरिंग।

Attack on Tiger Shroff: अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले के बारे में एक चश्मदीद ने बड़ा दावा किया है। एक चश्मदीद दावा किया कि एक्टर पर हमला करने के लिए बाइक से तीन शूटर आए थे। एक शूटर बाइक पर ही मौजूद रहा जबकि दो ने कार पर फायरिंग की। फायरिंग करने के बाद दोनों हमलावर अपने तीसरे साथी के साथ बाइक पर सवार होकर तेजी से वहां से निकल गए।

घटना में 3 लोग शामिल थे-चश्मदीद

चश्मदीद राकेश कुमार ने बताया, 'मैं मुंबई में रिक्शा चलाता हूं। शाम करीब 7 बजे मैं अपना वाहन निकालने के लिए यहां पहुंचा था। इस घटना में तीन लोग शामिल थे। उनमें से एक मोटरसाइकिल पर था, जबकि दो अन्य बाहर खड़े थे। एक गेट के पास और दूसरा उससे थोड़ा आगे खड़ा था। जब गोलीबारी शुरू हुई, तो एक व्यक्ति ने सामने से फायरिंग की। उसने उस खास सीट को निशाना बनाया, जहां टाइगर श्रॉफ बैठे हुए थे। दूसरे व्यक्ति ने, जो गेट के पास खड़ा था, गोली चलाई, जो ड्राइवर के हाथ में लगी। यह घटना शाम करीब 7 बजे हुई थी।'

घटना में शामिल बाइक बरामद

टाइगर श्राफ पर फायरिंग मामले की जांच में जुटी मुंबई पुलिस को पहली कामयाबी मिली है। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल बाइक को बरामद कर लिया है। यह बाइक अंधेरी स्टेशन के पास से बरामद हुई है। आरोपी बाइक यहां छोड़कर फरार हो गए। सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग करने के बाद आरोपी अंधेरी रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। जहां उन्होंने बाइक लावारिस छोड़ दी। पुलिस मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट और चेसिस नंबर के आधार पर उसके पुराने रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मुंबई पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

महाराष्ट्र से बाहर जाने वाली ट्रेनों पर भी नजर

पुलिस ने रेलवे और जीआरपी से भी मदद मांगी है। रेलवे के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। महाराष्ट्र से बाहर जाने वाली ट्रेनों पर भी नजर रखी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस ने टाइगर और उनके कार चालक का बयान दर्ज किया है। टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले के बाद सलमान खान के घर के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

वहीं, गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लेने का दावा किया है। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया, जिसमें टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं मानने पर उन पर हमला किया गया। पोस्ट में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को भी धमकी दी गई, जो उनकी बात नहीं सुनेंगे या सलमान खान के साथ काम करेंगे। पोस्ट में आगे और लोगों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। हालांकि, इस पोस्ट की प्रामाणिकता और गैंग से इसके संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें