Har Ghar Tiranga अभियान: जिस झंडे को सलामी देते हैं, उसे कितना जानते हैं आप?

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 14, 2022, 12:54 PM IST

Har Ghar Tiranga Abhiyan: भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 से 15 अगस्त के बीच एक विशेष अभियान हर घर तिरंगा का ऐलान किया था। यहां जानिए तिरंगे से जुड़ी खास बातें।

Har Ghar Tiranga अभियान: जिस झंडे को सलामी देते हैं, उसे कितना जानते हैं आप?

Har Ghar Tiranga Abhiyan: केंद्र सरकार ने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की। इसके बाद से देश भर में इसकी डिमांड बढ़ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जुलाई को इस अभियान की घोषणा की थी। अभियान के तहत, केंद्र सरकार का लक्ष्य भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने पर 13 से 15 अगस्त तक घरों के ऊपर कम से कम 20 करोड़ झंडे लगाने का है। प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में बताया था कि भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत 13 से 15 अगस्त के बीच एक विशेष अभियान हर घर तिरंगा का आयोजन किया जा रहा है।

राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा से जुड़ी 10 बड़ी बातें

  1. मैडम भीकाजी कामा ने अगस्त 1907 में, जर्मनी के शहर स्टुटगार्ट में दूसरी सोशलिस्ट कांग्रेस के अधिवेशन स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह विदेशी धरती पर फहराया जाने वाला पहला भारतीय ध्वज था। इसे भारत की स्वतंत्रता का ध्वज नाम दिया गया।
  2. वर्ष 1917 में एक नया झंडा अपनाया गया। इसमें 5 लाल और 5 हरी आड़ी धारियां और सप्तऋषि के आकार में 7 तारे थे।
  3. अप्रैल 1921 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने चरखे से एक ध्वज बनवया। इस ध्वज में लाल और हरे रंग के साथ सफेद रंग भी शामिल किया गया। इस ध्वज के सेंटर में चरखा बनाया गया।
  4. इसके बाद कराची में वर्ष 1931 के कांग्रेस अधिवेशन में तीन रंगों के एक राष्ट्रीय ध्वज को अपनाया गया। इसमें लाल रंग बलिदान, सफेद रंग पवित्रता और हरा रंग आशा का प्रतीक माना गया। 
  5. वर्तमान स्वरूप का तिरंगा 22 जुलाई 1947 को संविधान सभा ने स्वतंत्र भारत के राष्ट्रीय ध्वज के तौर पर अपनाया गया। 
  6. हमारे राष्ट्रीय ध्वज में लंबाई चौड़ाई का अनुपात 3:2 है। 
  7. वर्तमान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा में टॉप पर केसरिया रंग है जो शक्ति और साहस का प्रतीक है। इसके बीच में सफेद रंग है, जो शांति और सत्य का प्रतीक है। सबसे नीचे हरा रंग है, जो भूमि की उर्वरता, विकास को बताता है। 
  8. राष्ट्रीय ध्वज के वर्तमान रूप के केंद्र में 24 तीलियों वाला चक्र है। यह जीवन के गति को बताता है।
  9. नए नियम के तहत अब देश के नागरिकों द्वारा झंडा दिन के साथ रात में भी फहराया जा सकता है। शाम में इसे उतारने की जरूरत नहीं है।
  10. पहले, मशीन से बने और पॉलिएस्टर से बने राष्ट्रीय ध्वज को फहराने की अनुमति नहीं थी। लेकिन दिसंबर 2021 में इसकी अनुमति दे दी गई। 

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को बताया कि कि लोगों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया गया है। इस कदम का मकसद लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना उत्पन्न करना और राष्ट्र निर्माण के लिए अथक प्रयास करने वालों के योगदान को याद करना है। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को लिखे एक पत्र में कहा कि सभी नागरिकों को 13 से 15 अगस्त के बीच अपने घरों में तिरंगा लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। हर घर तिरंगा अभियान के तहत हमारे स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नायकों का आभार व्यक्त करने के लिए स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों की छत पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित किए जाने का प्रयास किया जाना चाहिए।
 

End of Article