Mukhtar Ansari: बाहुबली मुख्तार अंसारी को सता रहा है डर, पत्नी ने राष्‍ट्रपति को पत्र लिखकर मांगी सुरक्षा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 2, 2020, 05:04 PM IST

मऊ जिले के सदर विधायक और बाहुबली मुख्तार अंसारी की पत्नी आफसा अंसारी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखा है और अपने पति की जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की है।

Mukhtar Ansari: बाहुबली मुख्तार अंसारी को सता रहा है डर, पत्नी ने राष्‍ट्रपति को पत्र लिखकर मांगी सुरक्षा

बलिया: गैंगस्‍टर से विधायक बने मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को पत्र लिखकर अपने पति और परिजनों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।गाजीपुर से बहुजन समाज पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने सोमवार को मऊ के बसपा विधायक मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशा अंसारी द्वारा राष्ट्रपति को लिखा गया पत्र मीडिया को जारी किया।

अफशा अंसारी द्वारा राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को लिखे गए पत्र में परिवार की पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए कहा गया है कि उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर मुख्‍तार अंसारी , ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शौकतुल्लाह उनके ही परिवार के हैं। पत्र में अफशा ने कथित तौर पर राजनीतिक दुराग्रह की भावना से सत्ता का दुरुपयोग कर हो रही अन्याय पूर्ण कार्रवाई का उल्लेख किया है।

उन्होंने पत्र में आशंका जताई है कि भाजपा सरकार के इशारे पर विधायक मुख्तार अंसारी व उनके दोनों बेटों अब्बास व उमर सहित अन्य परिजनों के साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है। उन्‍होंने अपने पति की सभी मुकदमों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस से कराये जाने के लिए राष्‍ट्रपति से आवश्‍यक मार्गदर्शन जारी करने का अनुरोध किया है। मुख्‍तार अंसारी आपराधिक मामले में पंजाब की एक जेल में बंद हैं।

पंजाब की जेल में बंद है मुख्तार अंसारी

2005 में गाजीपुर के भांवरकोल इलाके में हुए सामूहिक हत्याकांड तत्कालीन भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की मौत हो गई थी। इस मामले में मऊ से बाहुबली बसपा विधायक मुख्तार अंसारी का नाम मुख्य आरोपी के तौर पर सामने आया था। हालांकि, उन्हें तथा सात अन्य आरोपियों को विशेष सीबीआई अदालत ने पिछले साल जुलाई में बरी कर दिया था। अनेक मुकदमों में आरोपी मुख्तार इस वक्त पंजाब की रोपड़ जेल में बंद हैं।

गाजीपुर में बने अंसारी के आलीशान होटल गजल पर चला बुलडोजर 

माफिया डॉनऔर यूपी के मऊ सदर विधानसभा के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ योगी सरकार की कार्रवाई जारी है। रविवार को एंटी-भूमाफिया ऑपरेशन के तहत गाजीपुर में बने अंसारी के आलीशान होटल गजल में बने अवैध निर्माण को जेसीबी से ढहा दिया। अंसारी का यह होटल उनकी पत्नी और बेटे के नाम है। जिला प्रशासन का आरोप है कि इस होटल का निर्माण गलत नक्शे के तहत किया गया था। इससे पहले भी योगी सरकार मुख्तार अंसारी के कई निर्माणों पर अपना बुलडोजर चला चुकी है।

अंसारी के सहयोगी की करीब 60 लाख की संपत्ति जब्त 

कुछ समय पहले ही सरकार ने मुख्तार अंसारी के सहयोगी की करीब 60 लाख की संपत्ति को जब्त कर लिया था। मऊ में पुलिस नेअवैध रूप से बने दो मंजिला मकान को कुर्क कर लिया था। कुर्की से पहले पुलिस ने मकान में सील बंद ताला लगाया और फिर ढोल बजाकर स्थानीय लोगों को रही कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई थी। अगस्त माह के अंत में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने डालीगंज इलाके में बने मुख्तार के अवैध कब्जे की इमारत को जमींदोज कर दिया था।  इस दौरान मुख्तार के बेटे अब्बास औऱ उमर अंसारी से झड़प भी हुई।

मुख्तार के करीबियों की सपंत्तियों पर सरकार की लगातार नजर

बुलडोजर चलाने से पहले पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया और इसके बाद पांच जेसीबी मशीनों से इस आलीशान होटल के अवैध निर्माण कार्य को ध्वस्त किया गया। इससे पहले 8 अक्टूबर को एसडीएम ने ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया था। इससे पहले भी योगी सरकार लगातार मुख्तार अंसारी के अवैध संपत्तियों और निर्माण कार्यों पर बुलडोजर चला चुकी है। इतना ही नहीं मुख्तार के करीबियों की सपंत्तियों पर भी सरकार लगातार नजर बनाए हुए हैं।
 

End of Article