Exercise Desert Knight-2021:राफेल की गड़गड़ाहट से कांपेंगे दुश्मन, जोधपुर में भारत-फ्रांस की ज्वाइंट एक्सरसाइज

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 20, 2021, 06:31 PM IST

भारत में सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जोधपुर एयरबेस पर भारत-फ्रांस की एयरफोर्स का संयुक्त युद्धाभ्यास डेजर्ट नाइट-21 शुरू होने जा रहा है इस क्रम में चार फ्रांसीसी राफेल लड़ाकू विमान भारत पहुंचे हैं।

Exercise Desert Knight-2021:राफेल की गड़गड़ाहट से कांपेंगे दुश्मन, जोधपुर में भारत-फ्रांस की ज्वाइंट एक्सरसाइज

राजस्थान के जोधपुर में एक्सरसाइज डेजर्ट नाइट -2021 में भाग लेने के लिए जोधपुर एयरफोर्स बेस पर चार फ्रांसीसी राफेल लड़ाकू विमान उतरे। ये विमान भारतीय वायु सेना के राफेल लड़ाकू जेट के साथ युद्ध में भाग लेंगे। यह युद्धाभ्यास पांच दिनों तक चलेगा। इसके लिए फ्रांस निर्मित फाइटर्स जेट राफेल के अलावा अन्य लड़ाकू विमान और फ्रांस के 175 वायु सैनिकों का दल  जोधपुर पहुंचेगा। 

पांच दिवसीय हवाई युद्धाभ्यास में भारतीय वायुसेना के अन्य विमानों के साथ-साथ राफेल, सुखोई और मिराज-200 लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे। भारतीय वायुसेना ने बताया कि ‘एक्स-डेजर्ट नाइट 21’ नाम से होने वाले युद्धाभ्यास में आईएल-78 हवा में ईंधन भरने वाले विमान और हवाई चेतावनी एवं नियंत्रण प्रणाली (AWACS) को भी शामिल किया जाएगा।

वहीं, फ्रांस की ओर से राफेल लड़ाकू विमान के साथ एयरबस ए-330 बहु उद्देश्यीय टैंकर परिवहन विमान (MRTT), ए-400 एम रणनीतिक परिवहन विमान शामिल होगा।

इसके साथ ही फ्रांसीसी सैन्य बल के 175 सैनिक भी इस युद्धाभ्यास में शामिल होंगे।

यह हवाई सैन्य अभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय वायुसेना ने पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ गतिरोध के मद्देनजर अपने सभी अग्रिम हवाई ठिकानों को किसी भी वक्त परिचालन के लिए तैयार रखा है।

एयरफोर्स के सुखोई व लड़ाकू हेलिकॉप्टर पहले से जोधपुर में तैनात हैं जबकि फाइटर जेट मिराज व राफेल का पहुंचना शुरू हो गया है। भारतीय वायुसेना (IAF) ने कहा, 'यह युद्धाभ्यास खास है क्योंकि इसमें दोनों पक्षों से राफेल विमान हिस्सा ले रहे हैं और यह दोनों देशों की वायुसेना के बीच बढ़ते संबंध का संकेत है।'


 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!