शहर

'गोली चलाओगे तो...', टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में हरियाणा DGP का बड़ा खुलासा, बोले- मुंबई पुलिस को सौंपे अहम सबूत

Tiger Shroff Firing Case Update: हरियाणा के डीजीपी अजय सिंघल ने पंचकूला में बयान देते हुए कहा कि अपराधियों को उन्हीं की भाषा में जवाब मिलेगा। उन्होंने टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस को सहयोग देने, 26 गैंगस्टरों को विदेश से डिपोर्ट करवाने और नशे के खिलाफ जारी सख्त अभियानों की जानकारी दी।

Image

हरियाणा DGP अजय सिंघल बोले- मुंबई पुलिस को दिए अहम सबूत

Photo : Times Now Digital

Tiger Shroff Firing Case Update: हरियाणा के पंचकूला में पुलिस महानिदेशक (DGP) अजय सिंघल ने राज्य की कानून-व्यवस्था, गैंगस्टरों पर कार्रवाई और नशे के खिलाफ चल रहे अभियानों को लेकर बड़ा बयान दिया है। एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डीजीपी (Haryana DGP Ajay Singhal) ने स्पष्ट और सख्त लहजे में चेतावनी दी कि राज्य में दहशत फैलाने वालों और पुलिस पर गोली तानने वाले अपराधियों को उन्हीं की भाषा में मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। उन्होंने साफ किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि इसमें शामिल हरियाणा से ताल्लुक रखने वाले आरोपियों की पहचान कर ली गई है। हरियाणा पुलिस ने इस पूरी जांच में मुंबई पुलिस को महत्वपूर्ण सहयोग दिया है और आगे भी मामले की तह तक पहुंचने के लिए पूरा समर्थन जारी रखेगी। इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि अंतरराज्यीय अपराधों पर भी पुलिस पूरी मुस्तैदी से नजर बनाए हुए है।

14 गैंगस्टरों को विदेशों में ही करवाया डिटेन-डीजीपी

गैंगस्टरों के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क पर बात करते हुए डीजीपी ने बेहद अहम आंकड़े साझा किए। उन्होंने बताया कि विदेशों में बैठकर हरियाणा में अपना खौफ पैदा करने वाले अपराधियों पर शिकंजा बुरी तरह कस दिया गया है। अब तक पुलिस की सक्रियता और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से 26 बड़े गैंगस्टरों को विदेशों से डिपोर्ट (प्रत्यर्पित) करवाकर भारत लाया जा चुका है। इसके अलावा 14 अन्य गैंगस्टरों को विदेशों में ही डिटेन (हिरासत में) करवाया गया है। अपराधियों के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त करने के लिए पुलिस लगातार काम कर रही है।

'नशामुक्त बनाना हरियाणा पुलिस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर'

नशे के कारोबार पर प्रहार करते हुए डीजीपी ने कहा कि राज्य को नशामुक्त बनाना हरियाणा पुलिस की प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है। इसके लिए एक तरफ जहां बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ अवैध नशे की सप्लाई चेन में शामिल तस्करों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस का मुख्य लक्ष्य युवाओं को नशे की लत से बचाना और अपराधियों में कानून का खौफ कायम करना है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article