ठंड के टॉर्चर के साथ हुई दिल्ली में नए साल की शुरूआत, करीब 1 डिग्री पहुंचा तापमान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 1, 2021, 10:57 AM IST

Delhi Temperature today: दिल्ली में नए साल की शुरूआत कड़ाके की ठंड के साथ हुई है और करीब 14 साल बाद एक जनवरी को दिल्ली में सबसे कम तापमान दर्ज किया गया है जो करीब 1 डिग्री रहा।

ठंड के टॉर्चर के साथ हुई दिल्ली में नए साल की शुरूआत, करीब 1 डिग्री पहुंचा तापमान

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक आज सुबह सुबह राजधानी के सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले 14 साल में सबसे कम है। कड़कड़ाती ठंड के बीच लगे कोहरे के कारण विजिबिलिटी में भी कमी आई और सड़क पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन भी इसी तरह का मौसम बना रहासकता है। वहीं दिल्ली के पालम में भी न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया।

भीषण ठंड

राजधानी में किस कदर ठंड पड़ी है इसका अंदाजा आप इसी बात से लगा सकते हैं कि यहां पहाड़ों से भी भंयकर ठंड पड़ रही है। मसूरी, शिमला, नैनीताल , मनाली में जहां तापमान तीन डिग्री से अधिक है वहीं दिल्ली में यह 1.1 डिग्री है। घने कोहरे के कारण पूरी राजधानी सफेद चादर में लिपटी हुई नजर आई। इससे पहले मौसम विभाग ने भी नए साल के अवसर पर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का अनुमान जताया था।

मैदानी भागों में भी गिरा तापमान

दिल्ली में 20 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि 18 दिसंबर को अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री रहा था। श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान और पश्चिमी उत्तरप्रदेश में ‘घना’ कोहरा छाए रहने से कई जगहों पर दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गयी। मैदानी भाग में न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने पर शीतलहर और दो डिग्री से नीचे के तापमान की स्थिति में भीषण ठंड की घोषणा की जाती है।

End of Article