देश में 30 लाख से कम हुए कोरोना एक्टिव केस, अब इन-इन राज्यों में 1 लाख से ज्यादा सक्रिय मामले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 22, 2021, 04:33 PM IST

Active cases of coronavirus: देश में कोरोना वायरस के मामले लगातार कम हो रहे हैं। आज देश में 30 लाख से कम सक्रिय मामले हैं। 8 राज्यों में 1 लाख से अधिक एक्टिव केस हैं।

देश में 30 लाख से कम हुए कोरोना एक्टिव केस, अब इन-इन राज्यों में 1 लाख से ज्यादा सक्रिय मामले

नई दिल्ली: भारत में लगातार 9वें दिन कोरोना वायरस से ठीक होने वाले लोगों की संख्या संक्रमण के नए मामलों से ज्यादा थी। पिछले 24 घंटे में बीमारी से 3,57,630 लोग स्वस्थ हुए। बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की कुल संख्या आज 2,30,70,365 हो गई है। बीमारी से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 87.76 प्रतिशत हो गई है। इससे देश में कोविड-19 के सक्रिय मामलों की संख्या में लगातार गिरावट आ रही है। 

हाल ही में कोरोना के एक्टिव केस देशभर में 37 लाख से ज्यादा थे, लेकिन अब गिरकर 29,23,400 हो गए हैं। यह देश के कुल पॉजिटिव मामलों का 11.12 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में सक्रिय मामलों की संख्या में 1,04,525 की कमी आई है। देश के कुल सक्रिय मामलों में आठ राज्यों की हिस्सेदारी 69.94 प्रतिशत है। 

वर्तमान में सबसे ज्यादा सक्रिय मामले कर्नाटक में हैं। यहां 5,14,259 एक्टिव केस हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 3,69,673 सक्रिय मामले हैं। केरल में 3,06,719, तमिलनाडु में 2,74,629, आंध्र प्रदेश में 2,09,156, पश्चिम बंगाल में 1,32,181, राजस्थान में 1,31,806 और उत्तर प्रदेश में 1,06,276 एक्टिव केस हैं। 

पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 2,57,299 नए मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा 4194 और लोगों की मौत हुई। देश में कोरोना वायरस की वजह से अब तक 2,95,525 जानें जा चुकी हैं। पिछले 24 घंटे में सामने आए नए मामलों में 10 राज्यों की 78.12 प्रतिशत हिस्सेदारी है। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा 36,184 और उसके बाद कर्नाटक में 32,218 नए मामले दर्ज किए गए।

End of Article