Corona Cases In Mumbai: मुंबई में कोविड-19 के मामलों में आई तेजी, जून के 4 दिन में ही मार्च से दोगुने आए कोरोना के मामले

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 5, 2022, 08:12 AM IST

Corona Cases In Mumbai: जून महीने के पहले चार दिनों में ही कोविड-19 के मामलों ने महाराष्ट्र और मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ दिया है। शनिवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 1,357 मामले सामने आने के साथ एक वरिष्ठ नागरिक की कोरोना से मौत हो गई।

Corona Cases In Mumbai: मुंबई में कोविड-19 के मामलों में आई तेजी, जून के 4 दिन में ही मार्च से दोगुने आए कोरोना के मामले
Photo Credit: ANI

Corona Cases In Mumbai: मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों ने एक बार फिर लोगों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है। इसी जून महीने के पहले चार दिनों में ही कोविड-19 के मामलों ने महाराष्ट्र और मुंबई में रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब तक इस महीने के चार दिनों में ही कोविड-19 के 3,095 मामले सामने आ चुके हैं, जो मार्च में आए कोविड-19 के 1,519 मामलों के मुकाबले लगभग दोगुने हैं। वहीं अगर हम इसकी अप्रैल में आए कोविड-19 मामलों से तुलना करें तो ये करीब 60 फीसदी ज्यादा है। अप्रैल महीने में कोविड-19 के 1,1795 मामले सामने आए थे। वहीं मई महीने में कोविड-19 के 5,838 मामले सामने आए थे, जो चार दिनों में ही 50 फीसदी से आगे निकल गए हैं। 

शनिवार को मुंबई में आए कोरोना के 889 मामले 

महाराष्ट्र में जून महीने के चार दिनों में अब तक कोविड-19 के 4,618 मामले सामने आए हैं। इसमें 60 फीसदी मामले (3,095) अकेले मुंबई से हैं। एक दिन पहले शनिवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 1,357 मामले सामने आने के साथ एक वरिष्ठ नागरिक की कोरोना से मौत हो गई। ये पिछले तीन महीनों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इन 1,357 मामलों में से 889 मामले अकेले मुंबई से ही हैं। जून महीने में कोरोना से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है।

'अलर्ट रहने की जरूरत, ये चौथी लहर नहीं'

राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग के निगरानी अधिकारी प्रदीप आवटे ने कहा कि कोविड-19 के मामलों में वृद्धि हुई है और हमें अलर्ट रहने की जरूरत है, लेकिन ये चौथी लहर नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी अप्रैल में कोविड-19 के मामलों में तेजी से वृद्धि हुई थी, लेकिन दैनिक मामले अब तीन अंकों पर वापस आ गया है। उन्होंने कहा रि अगले चार से पांच हफ्ते तक कोविड-19 के मामले बढ़ सकते हैं, लेकिन ये  फिर स्थिर हो जाएगा और मामलों में कमी हो जाएगी।

आवटे ने कहा कि राज्य के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से शुक्रवार को अलग-अलग जिलों और नगर निगमों को भेजा गया तीन पन्नों का पत्र किसी भी बढ़ोतरी के लिए तैयार रहने के लिए नियमित बात थी। डॉक्टरों के अभी चौथी लहर के बारे में चिंतित नहीं होने का मुख्य कारण ये है कि कोविड वेरिएंट अभी भी ओमिक्रोन है।

End of Article