मंत्री चेतन चौहान के निधन पर CM योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 16, 2020, 06:16 PM IST

Chetan Chauhan: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार में मंत्री और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मंत्री चेतन चौहान के निधन पर CM योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री चेतन चौहान का गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया है। वो कोरोना वायरस से संक्रमित थे। 73 साल के चौहान को 12 जुलाई को कोविड 19 पॉजिटिव होने के बाद लखनऊ के संजय गांधी पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चेतन चौहान के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा, 'मेरे सहयोगी और पूर्व क्रिकेटर चेतन चौहान जी का निधन हो गया है। यह उत्तर प्रदेश के लोगों और क्रिकेट की दुनिया के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।' 

इससे पहले DDCA के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया था, 'आज सुबह चेतन जी की किडनी फेल हो गई थी और बाद में मल्टी ऑर्गन फेलियर था। वह इस समय लाइफ सपोर्ट पर हैं। हम सभी प्रार्थना कर रहे हैं कि वे इस लड़ाई को जीतें।' 

उन्होंने दिल्ली और डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) में विभिन्न भूमिकाओं को निभाया जैसे- अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और मुख्य चयनकर्ता। इसके अलावा उन्होंने 40 टेस्ट मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। साथ ही वो सबसे लंबे समय तक सुनील गावस्कर के ओपनिंग पार्टनर रहे।

चेतन चौहान को जून 2016 से जून 2017 तक निफ्ट (नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी) के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया था। वह 1991 और 1998 में उत्तर प्रदेश के अमरोहा से लोकसभा के लिए भी चुने गए थे। वह उत्तर प्रदेश के सैनिक कल्याण, होमगार्ड्स, प्रान्तीय रक्षक दल व नागरिक सुरक्षा मंत्री थे। 

उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'पूर्व क्रिकेटर व उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री श्री चेतन चौहान जी के आकस्मिक निधन पर मैं गहरा शोक व्यक्त करता हूँ। उन्होने अपने जीवन में सदैव जन कल्याण के लिए पूरी तत्परता से काम किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दे एवं उनके परिजनों व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।' 

योगी कैबिनेट में उनके साथ सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, 'उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री श्री चेतन चौहान जी के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शान्ति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शान्ति'
 

End of Article