BJP Canddidate list Assam : असम चुनाव के लिए BJP ने जारी की उम्मदीवारों की सूची, माजुली से लड़ेंगे सोनोवाल

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 5, 2021, 08:24 PM IST

Assam assembly elections 2021 : भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद 26 सीट पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा ने 70 सीट पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। 

BJP Canddidate list Assam : असम चुनाव के लिए BJP ने जारी की उम्मदीवारों की सूची, माजुली से लड़ेंगे सोनोवाल
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने असम विधानसभा चुनावों के लिए अपने उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। मुख्यमंत्री सर्वांदन सोनोवाल माजुली सीट से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की सहयोगी असम गण परिषद 26 सीट पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा ने 70 सीट पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। बीजेपी को अभी 22 सीट पर उम्मीदवार और खड़े करने हैं। इस चुनाव में बीजेपी 92 सीट पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में इस बार मुख्य मुकाबला भाजपा गठबंधन और कांग्रेस गठबंधन के बीच है। 

असम में इस बार तीन चरणों में होगा मतदान
असम में विधानसभा की 126 सीटें हैं। साल 2016 के चुनाव में भाजपा ने 84 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसमें से उसे 60 सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा को उम्मीद है उसके सहयोगी दल इस बार भी अच्छा प्रदर्शन करेंगे। राज्य में इस बार तीन चरणों 27 मार्च, एक अप्रैल और छह अप्रैल को चुनाव होंगे जबकि नतीजे 2 मई को घोषित होंगे। 

जलुकबाड़ी से चुनाव लड़ेंगे हेमंत
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा कि हेमंत बिस्व सरमा जलुकबाड़ी सीट से चुनाव लड़ेंगे। ये दोनों नेता इन सीटों से पहले भी चुनाव  लड़ चुके हैं। भाजपा नेता ने कहा, 'हम आज 70 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर रहे हैं। हम 26 सीटें असम गण परिषद और 8 सीटें यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल (यूपीपीएल) को दे रहे हैं।' विधानसभा की 126 सीटों में से भाजपा 92 सीटों पर चुनाव लड़ रही है जबकि शेष सीटें गठबंधन के सहयोगी दलों के हिस्से में जाएंगी। भाजपा का कहना है कि इस चुनाव में वह मौजूदा 11 विधायकों को टिकट नहीं दे रही है। 

बुधवार को हुई थी भाजपा की सीईसी की बैठक
बुधवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई। इस बैठक में पार्टी के उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। असम में पहले दो चरणों (27 मार्च और एक अप्रैल को) में 86 सीटों पर चुनाव होगा। इस बैठक में पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल, असम प्रभारी बैजयंत पांडा और सीईसी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।  

End of Article