प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय राजनीति की संस्कृति बदली, सरकार के काम करने की शैली बदल गई: जेपी नड्डा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 30, 2022, 05:28 PM IST

मोदी सरकार के 8 साल पूरे हो गए हैं। इस मौके पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय राजनीति की संस्कृति बदली है। 2014 से अब तक हमने एक लंबी यात्रा तक की है।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय राजनीति की संस्कृति बदली, सरकार के काम करने की शैली बदल गई: जेपी नड्डा

केंद्र में मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने के मौके पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि देश आज आजादी का अमृत महोत्सव भी मना रहा है और आज देश मोदी सरकार के 8 साल- सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को भी मना रहा है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण, ये मोदी सरकार के काम करने का तरीका है, ये मोदी सरकार की आत्मा है। नरेंद्र मोदी जी के कार्यों में हमें इनोवेशन हमेशा दिखाई पड़ता है। इसी इनोवेशन के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने नमो ऐप के तहत माइक्रोसाइट पर एक मॉड्यूल खड़ा किया है, जो दिलचस्प भी है, इंटरेक्शन भी है और जानकारी एवं इनोवेशन से युक्त है। आज हमने NaMo ऐप पर एक माइक्रोसाइट लॉन्च किया है।

Youth India को इस माइक्रोसाइट के माध्यम से कौन से काम सरकार ने 8 साल की अवधि में किए हैं और उसकी सही जानकारी एवं उसको जानने के साथ साथ एक गेम की तरह खेलने का प्रयोजन इस वेबसाइट में किया गया है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने भारतीय राजनीति की संस्कृति बदली है। सरकार के काम करने की शैली भी आज बदल गई है। 2014 से अब तक हमने एक लंबी यात्रा तक की है। आज हम देश में एक जिम्मेदार सरकार देखते हैं, आज हम प्रो-एक्टिव, प्रो-रिस्पोंसिव सरकार देखते हैं। बदलाव की ये कहानी ही हमारी प्रगति की निशानी है। पहले योजनाएं केवल कागज पर ही बनती थी। लेकिन आज किसी भी योजना की घोषणा से लेकर उसके  लागू होने तक उसकी लगातार मॉनिटरिंग की जाती है। 

अंत्योदय को हमने तीव्र गति से आगे बढ़ाया है। राष्ट्र प्रथम को लेकर हमारी सारी नीति आगे बढ़ी हैं। पहले योजनाएं कागज पर ही बनती, कागज पर ही इंप्लीमेंट होती थी, कागज में ही उद्घाटन हो जाता है। आज योजना बनने से लेकर, उसके इंप्लीमेंटशन तक नीचले स्तर तक मॉनिटरिंग होती है। पिछली सरकार के 70 वर्षों में शिक्षा विभाग ने 6.37 लाख प्राथमिक विद्यालय बनाए गए थे। मोदी सरकार के 8 साल के कार्यकाल में 6.53 लाख प्राथमिक विद्यालय बने हैं। यूनिवर्सल एजुकेशन की दृष्टि से हम आगे बढ़ रहे हैं।

गरीब कल्याण अन्न योजना की वैश्विक स्तर पर सराहना हुई है। क्योंकि कोरोना संकट में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान के साथ-साथ आर्थिक मामलों को भी किसी देश ने हल किया तो वो भारत है। 2 साल से करीब 80 करोड़ गरीबों को 5 किलो मुफ्त राशन दिया जा रहा है। किसान सम्मान निधि के अंतर्गत अब तक प्रधानमंत्री जी ने प्रतिवर्ष 2, 2  हजार रुपये की तीन किस्तों के रूप में अब तक 10 किस्तें दे दी हैं और 1 लाख 80 हजार करोड़ रुपये इस पर अब तक खर्च किये जा चुके हैं। कल प्रधानमंत्री जी शिमला के रिज मैदान से 11वीं किस्त जारी करेंगे।

हमनें संस्कृति की भी रक्षा की है। चाहे वो भव्य राम मंदिर का निर्माण हो, भव्य और दिव्य काशी हो, महाभारत सर्किट हो,रामायण सर्किट हो,केदारनाथ का पुनरोद्धार हो, सोमनाथ का विकास का हो और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी भी आधुनिक समय में एक तरह से भारत के इतिहास को प्रतिलक्षित करने का केंद्र बना है। 

भारत में अब तक 192 करोड़ से अधिक कोरोना वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। साथ ही 100 देशों को 18.5 करोड़ से अधिक वैक्सीन हमने वैक्सीन मैत्री के अंतर्गत पहुंचाई है।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!